मऊआइमा के युवक की मुंबई में मौत, हत्या का आरोप
मऊआइमा में मुंबई में टैक्सी चलाने वाले युवक अबू तालिब की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और अंतिम संस्कार किया। मामला चर्चा में है।

मऊआइमा, हिन्दुस्तान संवाद। रोजी रोटी के सिलसिले में मुंबई में रहकर टैक्सी चलाने वाले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव फंदे पर लटका मिला। इस दौरान परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मुंबई पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंपा। शनिवार को दोपहर बाद मऊआइमा के घूरघाट स्थित कब्रिस्तान में उसे सुपुर्द खाक किया गया।मऊआइमा थाना क्षेत्र के घूरघाट अलावलपुर निवासी अबू तालिब (30) पुत्र मुश्ताक अहमद उर्फ झल्लू पिछले 5 वर्षों से मुंबई में रहकर ओला गाड़ी चलाते थे। परिजनों के मुताबिक बुधवार की रात एक महिला के बुलाने पर वह मुंबई के संगम नगर आनटॉप हिल स्थित एक मकान में गए थे।
इसके बाद अबू तालिब के फोन से परिजनों को सूचना दी गई की उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। परिजन पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के चाचा आजाद खान ने संगम नगर पुलिस चौकी में हत्या की आशंका जताते हुए आरोपित तहरीर दी। पुलिस ने साइन हॉस्पिटल में स्थित चीरघर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक अबू तालिब तीन भाइयों में बड़े अबू दरदा से छोटा तथा छोटे भाई अबू साकिब से बड़ा था। घर में उसकी पत्नी के अलावा 3 साल की एक बेटी है। शनिवार को शव गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी में अपराह्न लगभग तीन बजे अबू तालिब को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।


