तीन दिन से लापता युवक की सड़क किनारे मिली लाश
झांसी के सनोरा गांव के पास एक युवक की लाश मिली, जो तीन दिन से लापता था। ग्रामीणों ने सड़क किनारे शव देखा, जबकि उसकी बाइक पास में मिली। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच कर रही है।
झांसी, संवाददाता झांसी के उल्दन थाना क्षेत्र से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। सनोरा गांव के पास तीन दिन से लापता एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने सड़क किनारे गड्ढे में युवक का शव देखा, जबकि उसकी बाइक भी कुछ दूरी पर पानी से भरे गड्ढे में मिली। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले को संदिग्ध बताया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।मामला उल्दन थाना क्षेत्र के सनोरा गांव का है, जहां गांव का रहने वाला करीब 32 वर्षीय राहुल पाल पिछले तीन दिनों से लापता था।
परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बताया जा रहा है कि आज सुबह कुछ ग्रामीण टहलने के लिए गांव के बाहर निकले थे। इसी दौरान सड़क किनारे एक गड्ढे में राहुल की लाश दिखाई दी। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। वहीं, शव से कुछ दूरी पर पानी से भरे दूसरे गड्ढे में राहुल की बाइक भी बरामद हुई। सूचना मिलते ही उल्दन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल राहुल की मौत कैसे हुई, यह हादसा है या इसके पीछे कोई साजिश है, पुलिस इसकी जांच में जुटी है। वहीं, मृतक के परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए राहुल की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।


