बेंगाबाद के युवक की हैदराबाद में संदिग्ध स्थिति में मौत
बेंगाबाद के प्रवासी मजदूर कुलदीप कुमार की हैदराबाद में रहस्यमय परिस्थितियों में मृत्यु हुई है। उनका शव कुकटपल्ली में फांसी पर लटका मिला। परिवार ने आत्महत्या का आरोप लगाने से इनकार किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। कुलदीप एक साल से अधिक समय से हैदराबाद में रह रहा था।

बेंगाबाद, प्रतिनिधि। रोजी-रोटी की तलाश में हैदराबाद गए बेंगाबाद के एक प्रवासी मजदूर की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई है। हैदराबाद पुलिस से सूचना मिलने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। मृतक कुलदीप कुमार (23) पिता शनिचर मंडल, बेंगाबाद पंचायत के किशनीचक का रहने वाला था। उसका शव हैदराबाद के कुकटपल्ली में किराए के कमरे में फांसी के फंदे से लटका बरामद हुआ है।
घटनास्थल की जानकारी
घटना की सूचना पर घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक दो भाइयों में छोटा और अविवाहित था। बड़े भाई संदीप मंडल ने बताया कि कुलदीप एक साल से अधिक समय से हैदराबाद में रह रहा था। शुरू में मजदूरी कर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग देता था, बाद में कुकटपल्ली में किराए के कमरे में रहकर फास्ट फूड की दुकान चला रहा था।
परिवार की प्रतिक्रिया
संदीप ने बताया कि मंगलवार रात मां ने कुलदीप को फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। बुधवार सुबह दोबारा फोन करने पर स्थानीय पुलिस ने फोन उठाया और फांसी लगाने की बात बताई। परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इंकार करते हुए घटना को संदेहास्पद बताया है। संदीप ने कहा कि कुलदीप लगातार परिजनों से बात करता था और कभी कोई परेशानी नहीं बताई। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
अंतिम संस्कार की योजना
घटना के बाद हैदराबाद में रह रहे अन्य युवक अस्पताल पहुंच गए हैं, जबकि परिजन भी बेंगाबाद से हैदराबाद के लिए रवाना हो गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव बेंगाबाद लाकर अंतिम संस्कार किया जाएगा।


