संदिग्ध परिस्थितियों में मौत विवाहिता की मौत
बलरामपुर के पिपरा राम बजरमुंडा गांव में एक विवाहिता लीलावती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने आत्महत्या का आरोप लगाया, जबकि मृतका के पिता ने प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने की बात कही है। मामला जांच के लिए खोला गया है।

उतरौला, बलरामपुर। गैंड़ास बुजुर्ग थाना क्षेत्र के पिपरा राम बजरमुंडा गांव में शनिवार शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जाता है कि 30 वर्षीय लीलावती का शव घर के भीतर चारपाई पर पड़ा मिला। ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। घटना की जानकारी होने पर शव को फंदे से उतारकर चारपाई पर लिटा दिया गया। सिद्धार्थनगर जिले के त्रिलोकपुर निवासी मृतका के पिता राम प्रकाश ने बताया कि उनकी बेटी की शादी करीब 11 वर्ष पूर्व बजरमुंडा निवासी अमित से हुई थी। दोनों के एक पांच वर्षीय पुत्र और ढाई वर्ष की पुत्री है।
अमित अहमदाबाद में नौकरी करता है। घटना की सूचना मिलने पर रामप्रकाश मौके पर पहुंचे और मामला संदिग्ध लगने पर डायल 112 को सूचना दी। पिता ने ससुरालियों पर बेटी को आए दिन प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष हरीश सिंह ने बताया कि मौत का कारण स्पष्ट करने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


