जगन्नाथपुर में हथिनी की संदिग्ध मौत की जांच शुरू, ग्रामीणों में दहशत
जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के भनगांव में शुक्रवार को हथिनी की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। वन विभाग द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पिछले वर्ष में क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही और मौतों की घटनाओं से ग्रामीण चिंतित हैं। ग्रामीणों ने हाथी-मानव संघर्ष रोकने की अपील की है।
जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के भनगांव गांव में शुक्रवार को एक हथिनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मौत के स्पष्ट कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पिछले करीब एक वर्ष से क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। हाथियों के झुंड द्वारा फसलों और घरों को नुकसान पहुँचाने की घटनाओं के बीच, इस क्षेत्र में पिछले एक साल में करीब सात हाथियों की मौत की बात सामने आई है।
इस लगातार होती घटनाओं से ग्रामीणों में भारी दहशत और चिंता का माहौल है।ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और हाथी-मानव संघर्ष को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की पुरजोर माँग की है। फिलहाल, विभाग मामले की गहनता से जाँच कर रहा है।

