कस्टडी में मौत : चार घंटे की वार्ता के बाद पोस्टमार्टम के लिए माने परिजन
देवरिया में गांजा के आरोप में पकड़े गए डीसीएम चालक की पुलिस कस्टडी में मौत हो गई। परिजनों को चार घंटे की बातचीत के बाद शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी किया गया। पुलिस ने लापरवाही के मामले में तीन अधिकारियों को निलंबित किया। पोस्टमार्टम के दौरान सुरक्षा के लिए हवालात को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।

देवरिया, निज संवाददाता। देविरया जिले के खुखुंदू थाने में गांजा के साथ गिरफ्तार डीसीएम चालक की पुलिस कस्टडी में हुई मौत के बाद पुलिस प्रशासन की परेशानी बढ़ती नजर आई। रविवार भोर में पहुंचे परिजनों के साथ स्टेशन रोड स्थित एक होटल में पुलिस के साथ चार घंटे तक बातचीत चली। परिजन शव के पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए तो पुलिस ने राहत की सांस ली। पोस्टमार्टम हाउस व रेलवे स्टेशन रोड स्थित होटल पुलिस छावनी में तब्दील रहा। गांजा तस्करी के आरोप में पकड़े गए अमरोहा जिले के अमरोहा देहात थाने के ग्राम सोनडाला फरीदपुर निवासी बृजपाल उर्फ विक्की (38) पुत्र कैलाश सिंह की हवालात में मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक उसने अपनी पैंट से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। इस मामले में लापरवाही बरतने पर प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह व दो सिपाहियों को निलंबित किया जा चुका है। उधर, मौत की सूचना के बाद परिवार के लोग घर से चल दिए। रविवार भोर में देवरिया पहुंचे तो उन्हें रेलवे स्टेशन रोड स्थित एक होटल में रखा गया। सीओ भाटपाररानी मनोज कुमार, थानेदार भलुअनी दिनेश मिश्र, साइबर थानेदार अनिल कुमार, इंस्पेक्टर टीजे सिंह, इंस्पेक्टर संतोष कुमार, एसपी पीआरओ महेंद्र चतुर्वेदी समेत कई अन्य इंस्पेक्टर व थानेदार ने होटल पहुंचकर परिजनों से बात की। लगभग चार घंटे चली वार्ता के बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हुए। इसके बाद नायब तहसीलदार को पोस्टमार्टम घर पर बुलाया गया और फिर परिजन भी वहीं पहुंच गए। परिजनों को शव दिखाने के बाद पंचनामे का कागजात तैयार किया गया। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली.
तीन चिकित्सकों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम
थाने के हवालात में फंदा लगाकर डीसीएम चालक की मौत होने के कारण डीएम के निर्देश पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा भरा गया। साथ ही तीन चिकित्सकों की कमेटी गठित की गई और वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम हुआ।
पुलिस छावनी में तब्दील रहा पोस्टमार्टम हाउस
मामला संवेदनशील होने के चलते पूरा पोस्टमार्टम हाउस पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। भलुअनी थाने के अलावा सदर कोतवाल शशिभूषण राय व कई अन्य थानों की पुलिस भी तैनात रही। कई इंस्पेक्टर, दारोगा व सिपाही सादी वर्दी में भी तैनात किए गए थे। वे पोस्टमार्टम हाउस पर हर गतिविधि पर नजर रख रहे थे.
बेटे का शव देखते ही फफक पड़े पिता
गांव के लोगों के साथ कैलाश सिंह अमरोहा से देवरिया पहुंचे। दो गाड़ियों में पिता के साथ ही एक जिला पंचायत सदस्य और अन्य लोग भी आए थे। पहले तो परिवार के लोगों से पुलिस अधिकारियों ने बातचीत की। इसके बाद परिजन कांग्रेस प्रवक्ता व पूर्व विधायक अखिलेश प्रताप सिंह से मिले और मुआवजा समेत अन्य बिंदुओं पर बातचीत की। पोस्टमार्टम हाउस पर कैलाश अपने बेटे का शव देख फफक पड़े। उन्होंने कहा कि एक बेटा तो मानसिक रूप से डिस्टर्ब है। यही बुढ़ापे की लाठी था। वह भी छिन गया। वह बदहवास स्थिति में घंटों वहीं बैठे रहे।

