महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
श्रावस्ती के गिलौला थाना क्षेत्र में एक विवाहिता रीना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
गिलौला, श्रावस्ती, संवाददाता। श्रावस्ती में गिलौला थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गिलौला थाना क्षेत्र के एकडगवा गांव निवासी रीना (पत्नी कमलेश) की रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रीना अपने पीछे एक पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गई हैं।मृतका
का मायका रिसिया थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में है। मृतका के पिता अंबर लाल ने आरोप लगाया कि उन्होंने करीब 12 वर्ष पहले रीना का विवाह कमलेश के साथ किया था। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी को प्रताड़ित करता था। उनका आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर रीना की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।


