विवाहिता बेटी को पिता ने दी मुखाग्नि, पति समेत चार पर केस
सोनौली के हरदी डाली गांव में लक्ष्मी की संदिग्ध मौत के बाद अंतिम संस्कार हुआ। पिता ने बेटी को मुखाग्नि दी। मृतका के पति और ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया गया है। शादी के बाद से लक्ष्मी कथित तौर पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का शिकार थी।

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। सोनौली कोतवाली क्षेत्र के हरदी डाली गांव निवासी लक्ष्मी (20) की संदिग्ध मौत के बाद शुक्रवार को मायके में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतका का कोई भाई न होने के कारण रोते-बिलखते पिता ने ही बेटी को मुखाग्नि दी। लक्ष्मी गुरुवार को अपने ससुराल कोल्हुई थाना क्षेत्र के भुड़कुड़वा गांव में फंदे से लटकती मिली थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था। मामले में मृतका की मां गीता की तहरीर पर कोल्हुई पुलिस ने पति विजय, सास, ससुर और देवर के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है。
छह माह पहले अप्रैल में हुई थी शादी
मृतका की मां गीता के मुताबिक उन्होंने अपनी पुत्री लक्ष्मी की शादी छह माह पूर्व अप्रैल 2026 में भुड़कुड़वा गांव निवासी विजय के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज को लेकर उनकी बेटी को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। लक्ष्मी ने कई बार फोन कर मायके वालों को इस प्रताड़ना की जानकारी दी थी। परिजनों का कहना है कि लोक-लाज के डर से उन्होंने कई बार समझा-बुझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन ससुरालियों के रवैये में कोई सुधार नहीं आया।
मायके में शव पहुंचते ही मचा कोहराम
गुरूवार को बेटी की मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग बदहवास हालत में ससुराल पहुंचे व पुलिस को सूचना दी। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इस मामले में कोल्हुई एसओ आलोक सिंह ने बताया कि मृतका की मां गीता की तहरीर के आधार पर नामजद पति विजय, सास, ससुर और देवर के खिलाफ दहेज हत्या, क्रूरता, मारपीट, अपमानित करने, जान से मारने की धमकी व 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

