आईआईटी छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी सीओ की साइबर क्राइम में तैनाती
कानपुर में आईआईटी छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी सीओ मोहसिन खान को साइबर क्राइम हेडक्वार्टर में तैनात किया गया है। 13 दिसंबर 2024 को दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद मोहसिन को पहले लखनऊ हेडक्वार्टर में अटैच किया गया था। उसके परिजनों के उच्च पदों के चलते उन पर कार्रवाई नहीं हो रही है।

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। आईआईटी छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में सस्पेंड किए गए सीओ मोहसिन खान की तैनाती साइबर क्राइम हेडक्वार्टर में कर दी गई है। सीओ के खिलाफ 13 दिसंबर 2024 को आईआईटी स्कॉलर ने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद मोहसिन को कानपुर से हटाकर लखनऊ हेडक्वार्टर से अटैच कर दिया गया। उसके बाद से मोहसिन डीजी ऑफिस से अटैच थे। 2 जुलाई को जारी 125 सीओ की ट्रांसफर लिस्ट में मोहसिन का नाम भी शामिल है। कानपुर में तैनात सीओ जीआरपी दुष्यंत कुमार सिंह को सीओ हाथरस बनाया गया है जबकि सीओ मनोज कुमार सिंह को अयोध्या भेजा गया है।
सीओ एलआईयू संजय कुमार राय को चंदौली भेजा गया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो दुष्कर्म के आरोपी मोहसिन के परिजन उच्च पदों पर तैनात हैं। इसी कनेक्शन के चलते वह लगातार न सिर्फ बचता रहा, बल्कि पुलिस अधिकारियों पर दबाव भी बनवाता रहा। यही वजह थी कि न तो वह जेल गया और न ही उसके खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई की गई। मोहसिन पर आरोप था कि आईआईटी में पढ़ाई के दौरान उसने छात्रा से दोस्ती की। उसके बाद दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के दौरान मोहसिन की तैनाती सीओ कलक्टरगंज के पद पर थी। इसके साथ ही वह सीओ साइबर क्राइम की भी जिम्मेदारी संभाल रहा था। दुष्कर्म का आरोप लगने के बाद मामले की जांच एसआईटी को सौंपी गई। वर्तमान में इस प्रकरण की स्थिति क्या है, कोई बताने को तैयार नहीं है। कल्याणपुर इंस्पेक्टर केशव कुमार तिवारी ने बताया कि प्रकरण उनके समय का नहीं है लिहाजा वह स्पष्ट कुछ नहीं बता सकते हैं।


