पीएम आवास की पात्रता सूची पर 16 जुलाई तक होगी आपत्तियां
देवरिया में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण आवास प्लस सर्वे-2024 के अंतर्गत 54,697 लाभार्थियों का चिन्हांकन किया गया है। इनमें से 25,167 लाभार्थियों को एक्सेप्ट केस में सम्मिलित किया गया है। ग्राम पंचायतों में खुली बैठकें आयोजित की जा रही हैं ताकि शिकायतों का निस्तारण किया जा सके।

देवरिया, निज संवाददाता। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण आवास प्लस सर्वे-2024 के अंतर्गत जिले में असिस्टेड सर्वे के माध्यम से 36,632 तथा सेल्फ सर्वे के माध्यम से 18,065, कुल 54,697 लाभार्थियों का चिन्हांकन किया गया है। सर्वे में चिन्हित लाभार्थियों का पात्रता सत्यापन भारत सरकार से करने बाद कुल 25,167 लाभार्थियों को एक्सेप्ट केस में सम्मिलित किया गया है।सभी ग्राम पंचायतों में खुली बैठक आयोजित कर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण कर भारत सरकार द्वारा प्रेषित 25,167 एक्सेप्ट लाभार्थियों का अनुमोदन कर दिया गया है। लाभार्थियों की वरीयता अथवा चयन प्रक्रिया के संबंध में किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है, तो उसका निस्तारण अपीलीय समिति द्वारा किया जाएगा।
प्रत्येक श्रेणी की ग्राम पंचायतवार अंतिम स्थायी प्रतीक्षा सूची प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि यदि आवास प्लस सर्वे-2024 के अंतर्गत ग्राम सभा की खुली बैठक में किसी लाभार्थी का विवरण संशोधित किया गया है तथा उसके संबंध में किसी व्यक्ति को कोई शिकायत अथवा सुझाव देना हो, तो वह 16 जुलाई तक मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, डीआरडीए कार्यालय में अथवा परियोजना निदेशक डीआरडीए के ई-मेल पर उपलब्ध करा सकता है।


