बारिश के बीच बम-बम भोले के जयकारों संग मंजिल की ओर बढ़ रहे कांवड़िये
सावन माह के दूसरे सोमवार से पहले कांवड़ियों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। शुक्रवार को बारिश के बावजूद कांवड़िये गंगाजल लेकर लौट रहे थे। पुलिस ने कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए चौकसी बढ़ा दी है और प्रमुख चौराहों पर तैनाती की गई है। ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

सावन माह के दूसरे सोमवार से पहले क्षेत्र में हाईवे पर कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार सुबह बारिश के बीच बृजघाट व हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़िये दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे से गुजरे। हाईवे पर कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। पुलिसकर्मी प्रमुख चौराहों व संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहते हुए यातायात व्यवस्था संभाल रहे हैं।हरिद्वार व बृजघाट से कांवड़ में गंगा जल भरकर लौटने वाले कांवड़ियों की संख्या दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे के अलावा बिजनौर-बदायूं स्टेट हाईवे पर बढ़ने लगी है। सबसे ज्यादा कांवड़िये अनूपशहर, बुलंदशहर के अलावा रामपुर, बरेली आदि स्थानों के लिए लौट रहे हैं।
हाईवे पर कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के साथ ही पुलिस ने पैदल और वाहनों से आने-जाने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना शुरू कर दिया है। पुलिसकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं। कांवड़ मार्ग पर वाहनों की रफ्तार व यातायात व्यवस्था पर भी नजर रखी जा रही है। हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों से भी सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। स्टेट हाईवे पर ट्रैफिक जीरो कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।


