छत्तीसगढ़ में पुलिसकर्मी की पत्नी-बेटी की हत्या में तीन को मौत की सजा
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर की फास्ट ट्रैक अदालत ने 2024 में पुलिस हेड कांस्टेबल की पत्नी और नाबालिग बेटी की हत्या के मामले में तीन दोषियों—कुलदीप साहू, चंद्रकांत चौधरी और फूल सिंह—को मौत की सजा सुनाई। चौथे दोषी आर्यन विश्वकर्मा को उम्रकैद मिली। वारदात दुर्गा विसर्जन के दौरान पुलिसकर्मी पर हमले के बाद हुई थी।

सूरजपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले की एक फास्ट ट्रैक कोर्ट ने गुरुवार को तीन लोगों को मौत की सजा सुनाई। इन पर 2024 में एक पुलिसकर्मी की पतनी और बेटी की हत्या का आरोप था। मामले में एक अन्य दोषी को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। जिला और अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश आनंद प्रकाश वारियाल की अदालत ने यह सजा सुनाई। अधिवक्ता सुरेश शर्मा ने बताया कि 13 अक्तूबर 2024 को सूरजपुर में पुलिस हेड कांस्टेबल की 35 वर्षीय पत्नी और नाबालिग बेटी की हत्या की गई थी। मामले में हिस्ट्रीशीटर कुलदीप साहू, तत्कालीन एनएसयूआई जिला अध्यक्ष चंद्रकांत चौधरी, फूल सिंह उर्फ रिंकू और आर्यन विश्वकर्मा उर्फ गोल्डी पर आरोप लगे।
पोस्टमार्टम में महिला के शरीर पर 33 और बच्ची के शरीर पर 28 निशान मिले थे। कोर्ट ने सभी आरोपियों को दोषी ठहराया। कुलदीप साहू, चंद्रकांत चौधरी, फूल सिंह उर्फ रिंकू को मौत की सजा सुनाई। वहीं, आर्यन विश्वकर्मा उर्फ गोल्डी को उम्रकैद की सजा सुनाई गई।हत्या की यह वारदात तब हुई, जब 13 अक्तूबर 2024 को दुर्गा विसर्जन यात्रा के दौरान साहू ने ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी पर गर्म तेल फेंक दिया था। अन्य दोषी भी उसके साथ थे। पुलिस के पकड़ने की कोशिश पर उन्होंने कार चढ़ाने की कोशिश भी की थी। बाद में उन्होंने उस हेड कांस्टेबल के घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया, जो उनकी तलाश में जुटी पुलिस टीम में शामिल था। हेड कांस्टेबल के परिवार ने कोर्ट के आदेश पर खुशी जताई, वहीं अदालत से बाहर निकलते वक्त साहू मुस्कुराता हुआ नजर आया।

