प्राकृतिक खूबसूरती व जैव विविधता से आकर्षण का केन्द्र बना 144 एकड़ में फैला सुरैला चौर
सर्दियों के मौसम में मेहमान पसुरैला चौर 144 एकड़ यानि कि 58.59 हेक्टेयर में फैले मीठे पानी का स्थायी झील है। यह विशाल आर्द्रभूमि क्षेत्र न सिर्फ प्रकृति प्रेमियों के लिए एक छिपा हुआ खजाना है, बल्कि...

सर्दियों के मौसम में मेहमान पक्षियों की चहचहाहट से गूंज उठता पूरा चौर क्षेत्र आने वाले दिनों में बिहार के बड़े इको-टूरिज्म हब के रूप में उभरने की अपार संभावनाएं सीवान, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले के पचरुखी अंचल में नारायणपुर, मल्लूपुर व पंगवारा गांवों के बीच फैला सुरैला चौर इन दिनों अपनी अद्भुत प्राकृतिक खूबसूरती व जैव विविधता के कारण आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। जिले के पचरुखी अंचल में स्थित सुरैला चौर 144 एकड़ यानि कि 58.59 हेक्टेयर में फैले मीठे पानी का स्थायी झील है। यह विशाल आर्द्रभूमि क्षेत्र न सिर्फ प्रकृति प्रेमियों के लिए एक छिपा हुआ खजाना है, बल्कि आने वाले समय में बिहार के बड़े इको-टूरिज्म हब के रूप में उभरने की अपार संभावनाएं समेटे हुए है। बताया जा रहा कि सुरैला चौर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह क्षेत्र विश्व प्रसिद्ध सेंट्रल एशियन फ्लाईवे के रूट पर स्थित है। यानि कि सर्दियों के मौसम में साइबेरिया, मंगोलिया व मध्य एशिया के अन्य देशों में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ती है, तो हजारों मील का सफर तय करके रंग-बिरंगे विदेशी प्रवासी पक्षी यहां अपना डेरा डालते हैं। इन मेहमान पक्षियों की चहचहाहट से पूरा चौर गूंज उठता है, जो किसी जादुई नजारे से कम नहीं होता। जानकार बताते हैं कि सुरैला चौर सिर्फ एक जलजमाव वाला इलाका नहीं है, बल्कि यह हमारी धरती का फेफड़ा है। सेंट्रल एशियन फ्लाईवे से इसका जुड़ाव होना गर्व की बात है। अगर इस प्राकृतिक धरोहर को सहेज कर इको-टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाए, तो यह प्रकृति व विकास का एक बेहतरीन उदाहरण बनेगा। वहीं, स्थानीय पर्यावरणविदों व ग्रामीणों का मानना है कि यदि सुरैला चौर को सरकारी स्तर पर विकसित किया जाए, तो यह जिला ही नहीं बल्कि पूरे राज्य के लिए पर्यटन का बड़ा केन्द्र बन सकता है। यहां पर पक्षी प्रेमियों व फोटोग्राफर्स के लिए वॉच टावर, चौर के शांत पानी में नौकाविहार व चारों तरफ प्राकृतिक रास्तों पर वॉक के साथ ही गाइड, होम-स्टे व हस्तशिल्प के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई उड़ान मिल सकती है।
आर्द्रभूमि अधिसूचना और संरक्षण
जिला आर्द्रभूमि समिति इसके प्रारुप अधिसूचना को पहले ही अनुमोदित कर चुकी पचरुखी के नारायणपुर, मल्लूपुर व पंगवारा के त्रिकोण पर स्थित यह आर्द्रभूमि पानी व जमीन का एक ऐसा बेहतरीन संतुलन है, जहां पर पानी में पनपने वाले कई औषधीय पौधे व जलीय जीव यहां फल-फूल रहे हैं। स्थानीय जलपक्षियों के साथ-साथ प्रवासी पक्षियों के लिए यहां प्रचुर मात्रा में छोटी मछलियाँ, कीड़े-मकोड़े व जलीय पौधे उपलब्ध हैं। इस बीच, जिले के लिए एक अच्छी खबर यह है कि सुरैला चौर के महत्व को देखते-समझते हुए डीएम विजय प्रकाश मीणा की अध्यक्षता में आयोजित जिला आर्द्रभूमि समिति इसके प्रारुप अधिसूचना को पहले ही अनुमोदित कर चुकी है। इसके उपरांत अब बिहार राज्य आर्द्रभूमि प्राधिकरण ने इसके प्रारुप अधिसूचना को प्रकाशित की है। इससे यह स्पष्ट होता है कि जिला प्रशासन वनस्पतियों व जीव-जंतुओं के संरक्षण के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। डीएम ने बताया कि जिला आर्द्रभूमि समिति सुरैला चौर प्रारुप अधिसूचना को पहले ही अनुमोदित कर चुकी है। बिहार राज्य आर्द्रभूमि प्राधिकरण ने इसकी प्रारुप अधिसूचना प्रकाशित की है। जिला प्रशासन वनस्पतियों व जीव-जंतुओं के संरक्षण के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वन प्रमंडल पदाधिकारी, गोपालगंज वन प्रमंडल मेघा यादव ने बताया कि बिहार राज्य आर्द्रभूमि प्राधिकरण द्वारा इसकी प्रारूप अधिसूचना को प्रकाशित कर देने से सीवान के पचरुखी में स्थित सुरैला चौर में प्रवासी पक्षियों समेत जैव विविधता के संरक्षण की तरफ कदम आगे बढ़ेंगे। यहां के सभी फ्लोरा फौना के संरक्षण के प्रयास होंगे।

