राष्ट्रीय मंच पर स्थापित की बेगूसराय की सांस्कृतिक पहचान
भारतेंदु-स्मरण कार्यक्रम में ‘सबै जात गोपाल की’ का मंचन, जातिगत भेदभाव पर किया प्रहार। ... बीते शनिवार को मुंबई के गोरेगांव पश्चिम स्थित केशव गोरे ट्रस्ट के सभागार में भारतेंदु हरिश्चंद्र की चर्चित...

लाखो, निज प्रतिनिधि। बेगूसराय की नाट्य संस्था सुरभि ने मुंबई में अपनी प्रभावशाली रंगमंचीय प्रस्तुति के जरिए जिले की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित किया। बीते शनिवार को मुंबई के गोरेगांव पश्चिम स्थित केशव गोरे ट्रस्ट के सभागार में भारतेंदु हरिश्चंद्र की चर्चित रचना ‘सबै जात गोपाल की’ का मंचन किया गया। बतरस की ओर से आयोजित ‘भारतेंदु-स्मरण’ कार्यक्रम में सुरभि की प्रस्तुति ने बेगूसराय के रंगकर्म की रचनात्मक क्षमता और सामाजिक सरोकारों को सामने रखा। सुरभि की इस प्रस्तुति ने साबित किया कि बेगूसराय का रंगमंच स्थानीय सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक आयोजनों में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाने की क्षमता रखता है।
साहित्य, कला और जनचेतना की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए संस्था ने रंगमंच के माध्यम से सामाजिक सवालों को प्रभावी ढंग से उठाया। भारतेंदु हरिश्चंद्र की रचना ‘सबै जात गोपाल की’ जातिगत भेदभाव, सामाजिक ऊंच-नीच और रूढ़िवादी सोच पर व्यंग्य करती है। नाटक के माध्यम से कलाकारों ने मानवीय समानता का संदेश दिया। मंचन में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के 2001 बैच के पासआउट जयंत गाडेकर और निर्देशक-अभिनेता हरीश हरिऔध ने सशक्त अभिनय और प्रभावी संवाद अदायगी से दर्शकों को प्रभावित किया। श्री विश्वभानु ने मंजरी वादन से प्रस्तुति को संगीतमय प्रभाव दिया। कार्यक्रम की उद्घोषणा डॉ. मधुबाला शुक्ला ने की, जबकि विजय पंडित ने अतिथियों का स्वागत किया। मुंबई जैसे महानगर में सुरभि की भागीदारी बेगूसराय के कलाकारों के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। इस प्रस्तुति ने जिले की सांस्कृतिक सक्रियता को व्यापक पहचान देने के साथ साहित्य और रंगमंच के सामाजिक महत्व को भी रेखांकित किया।

