विमान किराए संबंधी नए नियम दो हफ्ते में लागू होंगे : केंद्र
केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि हवाई किराए में अचानक उतार-चढ़ाव रोकने से जुड़े भारतीय वायुयान अधिनियम, 2024 के नियमों को दो सप्ताह में प्रकाशित किया जाएगा। अदालत ने अगली सुनवाई पर नियम पेश करने का निर्देश दिया है। याचिका में हवाई किराए और शुल्कों पर नियमन, स्वतंत्र विमानन नियामक तथा मुफ्त चेक-इन बैगेज सीमा घटाने के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

केंद्र सरकार ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि हवाई किराया में अचानक होने वाले उतार-चढ़ाव पर लगाम लगाने के लिए संबंधित कानून को मंजूरी दे दी गई है और इसे दो सप्ताह के भीतर प्रकाशित कर दिया जाएगा। शीर्ष अदालत ने सरकार को प्रकाशित होने वाले नियमों को अगली सुनवाई पर अदालत में पेश करने के लिए कहा है। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, न्यायमूर्ति आर. महादेवन और न्यायमूर्ति ए.के सिंह की पीठ के समक्ष सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ‘भारतीय वायुयान अधिनियम, 2024’ के इन नए नियमों को दो सप्ताह में प्रकाशित कर दिया जाएगा।
इसके बाद जस्टिस नाथ ने उनसे कहा कि वे सुनवाई की अगली तारीख पर ‘भारतीय वायुयान अधिनियम, 2024’ के तहत प्रकाशित नियमों को अदालत के समक्ष पेश करें। मामले की अगली सुनवाई 16 नवंबर के लिए तय की है। सुप्रीम कोर्ट सामाजिक कार्यकर्ता एस. लक्ष्मीनारायण की ओर से दाखिल याचिका पर सुनवाई कर रही है। उन्होंने नागरिक विमानन क्षेत्र में पारदर्शिता और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक मजबूत और स्वतंत्र नियामक की मांग की है। साथ ही, उन्होंने भारत में निजी एयरलाइन द्वारा हवाई किराए और अन्य शुल्कों में होने वाले ‘अनिश्चित उतार-चढ़ाव’ को नियंत्रित करने के लिए नियामक दिशा-निर्देशों की भी मांग की है।इसके अलावा याचिका में दावा किया गया है कि सभी निजी एयरलाइंस ने बिना किसी ठोस कारण के, इकॉनमी क्लास के यात्रियों के लिए मुफ्त चेक-इन बैगेज की सीमा 25 किलोग्राम से घटाकर 15 किलोग्राम कर दी है। इस तरह, जो सुविधा पहले टिकट का हिस्सा थी, उसे अब कमाई का एक नया जरिया बना दिया गया है। याचिका में कहा गया है कि चेक-इन के लिए केवल एक बैग ले जाने की नई नीति, और जो यात्री चेक-इन बैगेज की सुविधा नहीं लेते उन्हें कोई छूट, मुआवजा या लाभ न देना, इस कदम के मनमाने और भेदभावपूर्ण स्वभाव को दर्शाता है।

