किशोर न्याय अधिनियम के लागू होने की समीक्षा को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दो दिवसीय बैठक
सुप्रीम कोर्ट की जुवेनाइल जस्टिस कमेटी यूनिसेफ के सहयोग से किशोर न्याय अधिनियम-2025 के लागू होने की समीक्षा और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए दो दिवसीय राष्ट्रीय परामर्श बैठक आयोजित करेगी। सीजेआई सूर्यकांत इसका उद्घाटन करेंगे। बैठक में कानून के कार्यान्वयन, बच्चों के अधिकारों, गोद लेने, संस्थागत देखभाल और पुनर्वास पर चर्चा होगी।

नई दिल्ली। विशेष संवाददाता सुप्रीम कोर्ट शनिवार और रविवार को किशोर न्याय अधिनियम-2025 के लागू होने की समीक्षा करने और अगले दशक में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चुनौतियों और प्राथमिकताओं की पहचान करने के लिए दो दिवसीय राष्ट्रीय परामर्श बैठक आयोजित करेगा। इसका आयोजन यूनिसेफ के सहयोग से सुप्रीम कोर्ट की जुवेनाइल जस्टिस कमेटी कर रही है। सुप्रीम कोर्ट परिसर में होने वाले इस परामर्श बैठक का उद्घाटन देश के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत करेंगे।
बैठक में कानून के कार्यान्वयन पर चर्चा
सुप्रीम कोर्ट प्रशासन की ओर से जारी बयान के अनुसार, इस कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के जज, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और बाल अधिकार विशेषज्ञ एक साथ आएंगे। वे कानून को लागू करने में हुई प्रगति और बच्चों के लिए न्याय तक पहुंच को बेहतर बनाने के तरीकों पर चर्चा करेंगे।
बच्चों के अधिकार और पुनर्वास पर ध्यान
उद्घाटन सत्र के दौरान सीजेआई सूर्यकांत द्वारा जुवेनाइल जस्टिस (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम, 2015 से संबंधित सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के अहम फैसलों का एक संग्रह जारी किया जाएगा। इसमें 2015 से सितंबर 2026 तक की अवधि के फैसले शामिल होंगे। सुप्रीम कोर्ट की जज और जुवेनाइल जस्टिस कमेटी के अध्यक्ष जस्टिस बी.वी. नागरत्ना शुरुआती भाषण देंगी, जबकि यूनिसेफ इंडिया की कंट्री रिप्रेजेंटेटिव सिंथिया मैककैफ्री परिचय संबंधी बातें रखेंगी। चर्चा का मुख्य ध्यानाकर्षण कानून का उल्लंघन करने वाले बच्चों के अधिकारों, गंभीर अपराधों के मामलों में ‘जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड’ द्वारा शुरुआती जांच, गोद लेने की प्रक्रियाओं, संस्थागत देखभाल और कमजोर बच्चों के पुनर्वास पर होगा। जबकि तकनीकी सत्रों में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अधिनियम के कार्यान्वयन की समीक्षा की जाएगी, जिसमें कई राज्यों और क्षेत्रों के प्रतिनिधि अपने अनुभव और बेहतरीन तौर-तरीके साझा करेंगे।

