महिला पत्रकार को धक्का देने के खिलाफ दाखिल याचिका पर सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने उस याचिका पर सुनवाई करने की सहमति दी है, जिसमें आरोप है कि 12 अक्टूबर को अदालत तक निकाले गए मार्च के दौरान राहुल गांधी ने एक गर्भवती महिला पत्रकार को धक्का दिया। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ ने कहा कि मामले की सुनवाई 26 या 27 अक्टूबर को होगी। याचिका में पत्रकार से कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा उठाया गया है।

नई दिल्ली। विशेष संवाददाता सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को उस याचिका पर सुनवाई करने पर सहमति जाहिर की है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट तक निकाले गए मार्च के दौरान कथित तौर पर एक गर्भवती महिला पत्रकार को धक्का देने का आरोप लगाया गया है।मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ के समक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता गौरव भाटिया ने याचिका का उल्लेख करते हुए इस पर जल्द सुनवाई का आग्रह किया। पीठ ने याचिका पर सुनवाई करने पर सहमति जाहिर करते हुए कहा कि मामले पर 26 या 27 अक्टूबर को सुनवाई की जाएगी।
वरिष्ठ अधिवक्ता भाटिया ने कहा कि अदालत परिसर में एक महिला पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार किया गया। इससे पहले गुरुवार को पीठ ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), दिल्ली के प्रदर्शनों, 12 अक्टूबर के मार्च और पत्रकारों तथा वकीलों पर कथित हमले से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई की थी। भाटिया ने गुरुवार को भी पीठ के समक्ष गर्भवती महिला पत्रकार के मामले पर भी विचार करने का आग्रह किया था। हालांकि पीठ ने यह कहते हुए संज्ञान लेने से इनकार कर दिया था कि मौखिक तौर पर उठाए गए मामले पर विचार नहीं करेगी। पीठ ने कहा था कि आप याचिका दाखिल कीजिए, हम विचार करेंगे।


