ओबीसी सर्टिफिकेट संबंधी याचिका पर सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई का निर्णय लिया है। उच्च न्यायालय ने कहा था कि 8 मई, 2025 और 18 मई, 2023 के बीच जारी सभी ओबीसी सर्टिफिकेट अमान्य होंगे। न्यायालय ने पश्चिम बंगाल सरकार को नोटिस जारी कर चार सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है।

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को कहा कि वह कलकत्ता हाईकोर्ट के एक आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करेगी। हाईकोर्ट ने कहा था कि राज्य द्वारा 8 मई, 2025 और इस साल 18 मई के बीच जारी सभी ओबीसी सर्टिफिकेट अमान्य होंगे। न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने पश्चिम बंगाल सरकार और अन्य को नोटिस जारी कर याचिका पर उनका जवाब मांगा। इसके साथ ही पीठ ने याचिका को इसी तरह के मुद्दे वाली एक अन्य लंबित याचिका के साथ जोड़ दिया। सुनवाई के दौरान, याचिकाकर्ता के वकील ने पीठ से आग्रह किया कि इस बीच कुछ खाली पदों पर नियुक्तियां नहीं की जानी चाहिए।
पीठ ने कहा कि हम सरकारी पदों को खाली नहीं रख सकते। पीठ ने निर्देश दिया कि की गई नियुक्तियां विशेष अनुमति याचिका (एसएलएपी) के नतीजों के अधीन होंगी। सफल उम्मीदवारों को जारी किए जाने वाले नियुक्ति पत्रों में राज्य को ऐसी शर्त शामिल करनी होगी। इसने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार सहित प्रतिवादियों को चार सप्ताह में जवाबी हलफनामा दाखिल करना होगा। पीठ ने कहा कि इसके बाद दो सप्ताह में प्रत्युत्तर हलफनामा (यदि कोई हो) दाखिल किया जाए। मामले को 23 नवंबर को सूचीबद्ध करें।


