अवैध निर्माण पर हर हाल में होती है कार्रवाई, भले ही वह 5 साल बाद हो या 50 साल बाद
सुप्रीम कोर्ट ने मेरठ के सेंट्रल मार्केट में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई को मजबूत करते हुए कहा कि अवैध निर्माण हमेशा अवैध होता है। अदालत ने 16726 मकानों को ध्वस्त करने का आदेश दिया। मामले की अगली सुनवाई 9 दिसंबर को होगी। अवैध कॉलोनियों के मामले में प्राधिकरण को तलब किया गया है।

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को मेरठ के सेंट्रल मार्केट में अवैध निर्माण के खिलाफ जारी तोड़फोड़ की कार्रवाई पर किसी तरह की नरमी बरतने के बजाए और सख्ती दिखाई है। शीर्ष अदालत ने साफ शब्दों में कहा ‘अवैध निर्माण, हमेशा अवैध रहता है और उसके खिलाफ कार्रवाई भी हर हाल में होती है, चाहे वह पांच साल बाद हो या 50 साल बाद।’ जस्टिस जेबी पारदीवाला और केवी विश्वनाथन की पीठ ने यह टिप्पणी मेरठ में जोन -1 में बड़े पैमाने पर बनी अवैध कॉलोनियों पर हैरानी जाहिर करते हुए यह टिप्पणी की। पीठ ने कहा कि ‘अवैध निर्माण को हर हाल में तोड़ा जाएगा और इसमें किसी को संदेह नहीं होना चाहिए।’
अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त निर्णय
पीठ ने जोन-ए में चिन्हित की गई 16726 मकानों को ध्वस्तीकरण के लिए सील करने का आदेश देते हुए यह टिप्पणी की है। पीठ ने कहा कि सभी अवैध निर्मित संपत्तियों के गिराने की कार्रवाई कीी जाए और इसकी शुरुआत इन संपत्तियों को सील करके हो। इसके अलावा, पीठ ने जोन-बी, सी और डी में भी अवैध निर्माण को चिन्हित करने का आदेश दिया है। अब मामले की सुनवाई 9 दिसंबर को होगी। इससे पहले, शीर्ष अदालत को बताया गया कि शास्त्री नगर के सेंट्रल मार्केट इलाके में 44 में से 20 अवैध निर्माण को तोड़ दिया गया है और 24 संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पीठ ने इन संपत्तियों के कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया है। इससे पहले, व्यापरियों की ओर से सेंट्रल मार्केट मामले में राहत देने की मांग की गई। हालांहि पीठ ने किसी भी तरह का राहत देने से इनकार कर दिया। इससे पहले, उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद की ओर से पेश अधिवक्ता ने पिछले आदेश के अनुपालन में रिपोर्ट पेश की। यूपी सरकार की ओर से पीठ को बताया गया कि ईडब्ल्यूएस और एलईजी श्रेणी के 486 आवासों के लिए पुनर्वास नीति लाई जा रही है।
प्राधिकरण की भूमिका पर सवाल
500-600 अवैध कॉलोनियां बन गई, अधिकारी क्या कर रहे थे
सुप्रीम कोर्ट ने उल्लेदपुर में बड़े पैमाने पर हुए अवैध निर्माण पर प्राधिकरण और अन्य संबंधिक प्राधिकारों को आड़े हाथ लिया। पीठ ने कहा कि लगभग 500 से 600 अवैध कॉलोनियां बन गई, आखिर प्राधिकरण और अन्य संबंधित महकमो के अधिकारी क्या कर रहे थे। समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई? पीठ ने कहा कि पिछले पांच सालों से अवैध कॉलोनी बन रहा था, उस समय अधिकारी क्या कर रहे थे? कोई सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की गई? जस्टिस पारदीवाला ने कहा ‘आखिर अवैध निर्माण का मास्टरमाइंड कौन है? प्राधिकरण ने हमें इस बारे में जानकारी नहीं दी है। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई में शामिल हुए प्राधिकरण के अध्यक्ष पीएस गुरुप्रसाद से पीठ ने मेरठ के चारों जोन ए, बी, सी और डी में स्थित सारे अवैध निर्माण और उनके खिलाफ किए जाने वाले कार्रवाई को लेकर समुचित और विस्तृत रिपोर्ट पेश करने को कहा है।

