कर्नाटक में मतगणना की वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं मिलने पर निर्वाचन आयोग को फटकार
सुप्रीम कोर्ट ने 2023 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव में श्रृंगेरी सीट की मतगणना की वीडियो रिकॉर्डिंग पेश न कर पाने पर निर्वाचन आयोग से सवाल किए। अदालत ने कहा कि आयोग को रिकॉर्ड सुरक्षित रखना चाहिए और अगली सुनवाई तक उपलब्ध दस्तावेज व रिकॉर्डिंग पेश करने का निर्देश दिया। टीडी राजेगौड़ा और डीएन जीवराज के चुनावी विवाद की सुनवाई 15 फरवरी, 2027 तक स्थगित हुई।

नई दिल्ली। विशेष संवाददाता सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को 2023 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव में श्रृंगेरी विधानसभा सीट पर वोटों की गिनती की वीडियो रिकॉर्डिंग पेश नहीं करने पर भारत के निर्वाचन आयोग (ईसीआई) को आड़े हाथ लिया। शीर्ष अदालत ने निर्वाचन आयोग को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि आप यह कैसे कह सकते हैं कि वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं मिल रहा है।
श्रृंगेरी सीट के चुनावी विवाद की सुनवाई
जस्टिस संजय कुमार और संजीव सचदेवा की पीठ ने यह टिप्पणी तब की, जब आयोग की ओर से कहा गया कि वह कर्नाटक के श्रृंगेरी विधानसभा क्षेत्र में मतगणना की 2023 की वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं ढूंढ पा रहा है। शीर्ष अदालत में कांग्रेस नेता टीडी राजेगौड़ा और बीजेपी उम्मीदवार डीएन जीवराज के बीच चुनावी विवाद से जुड़े मामले की सुनवाई हो रही है। कांग्रेस नेता राजेगौड़ा ने 2023 में श्रृंगेरी विधानसभा क्षेत्र से 201 वोटों के मामूली अंतर से चुनाव जीता था। हालांकि, हाल ही में वोटों की दोबारा गिनती में जीवराज को अधिक मत मिलने के बाद कांग्रेस उम्मीदवार की सदस्यता रद्द कर दी गई थी। हालांकि इसी साल मई में, सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस नेता राजेगौड़ा को राहत देते हुए उनकी सदस्यता रद्द करने के आदेश पर रोक लगाते हुए कहा था कि मामले का निपटारा होने तक विधायक बने रहेंगे।
रिकॉर्ड पेश करने का निर्देश
पीठ ने तब हैरानी जताई जब निर्वाचन आयोग ने कहा कि वह 2023 में हुई वोटों की गिनती की वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं ढूंढ पा रही है। शीर्ष अदालत ने ‘निर्वाचन आयोग यह कैसे कह सकता है कि उसने अपना रिकॉर्ड खो दिया है? आपका मुख्य काम चुनाव कराना है और आपके पास दस्तावेज होने चाहिए। आप यह कैसे कह सकते हैं कि हम इसे ढूंढने की कोशिश कर रहे हैं? आपने इसे चुने हुए उम्मीदवार को दिया था। रिकॉर्ड की कोई कस्टडी नहीं है। आपके पास जो कुछ भी है, उसे अगली तारीख पर पेश करें। वरना, हमें आपके खिलाफ प्रतिकूल निष्कर्ष निकालना होगा। हम इस तरह के बेतुके बहाने स्वीकार नहीं करेंगे।’
अगली सुनवाई 15 फरवरी 2027 को
सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस नेता द्वारा पर्यवेक्षक की रिपोर्ट और वोटों की मूल गिनती व हाल ही में हुई दोबारा गिनती की वीडियो रिकॉर्डिंग देखना चाहते हैं। इस पर पीठ ने कहा कि वह निर्वाचन आयोग को ये दस्तावेज और वीडियो रिकॉर्डिंग पेश करने का निर्देश देगा। इस पर निर्वाचन आयोग की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता ने पीठ से कहा कि उन्हें 2023 का वीडियो नहीं मिल पा रहा है। अब पीठ ने मामले की सुनवाई 15 फरवरी, 2027 तक के लिए स्थगित कर दिया है। साथ ही, आयोग को आदेश दिया है कि जो कुछ भी है, उसे अगली सुनवाई की तारीख तक पेश करें। वरना हमें आपके खिलाफ प्रतिकूल निष्कर्ष निकालना होगा।


