मुस्लिम ‘तलाक’ संबंधी याचिका पर केंद्र से जवाब मांगा
सुप्रीम कोर्ट ने मुस्लिम पर्सनल लॉ के तहत तलाक के सभी रूपों के लिए समान प्रक्रियात्मक सुरक्षा उपाय और कानूनी दिशा-निर्देश बनाने की मांग वाली याचिका पर केंद्र और अन्य पक्षों से जवाब मांगा है। याचिका में तलाक-ए-हसन और एकतरफा तलाक के अन्य रूपों को चुनौती देते हुए महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों, निष्पक्षता और सुलह की सुरक्षा की मांग की गई है।

सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को केंद्र और अन्य पक्षों से एक याचिका पर जवाब मांगा है। इस याचिका में मुस्लिम पर्सनल लॉ के तहत ‘तलाक’ के सभी रूपों को नियंत्रित करने के लिए एक समान प्रक्रियात्मक सुरक्षा उपाय और दिशा-निर्देश बनाने और लागू करने का निर्देश देने की मांग की गई है। याचिकाकर्ता के वकील ने मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ को बताया कि उन्होंने ‘तलाक-ए-हसन’ की वैधता को भी चुनौती दी है। ‘तलाक-ए-हसन’ मुसलमानों में तलाक का एक ऐसा रूप है, जिसमें एक पुरुष तीन महीने की अवधि तक हर महीने एक बार ‘तलाक’ शब्द बोलकर शादी खत्म कर सकता है।
पीठ ने इस याचिका को एक मुस्लिम महिला द्वारा दायर की गई पहले से लंबित याचिका के साथ जोड़ दिया है। उस महिला ने अपने पति द्वारा दिए गए ‘तलाक-ए-हसन’ की वैधता को चुनौती दी है। इस नई याचिका में अधिकारियों को यह निर्देश देने की मांग की गई है कि वे ‘तलाक-ए-हसन’ और एकतरफा ‘तलाक’ के अन्य रूपों पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। याचिका में केंद्र से यह निर्देश देने की भी मांग की गई है कि वह मुस्लिम पर्सनल लॉ के तहत ‘तलाक’ के सभी रूपों को नियंत्रित करने के लिए एक समान प्रक्रियात्मक सुरक्षा उपाय और कानूनी रूप से लागू होने वाले दिशा-निर्देश बनाए और लागू करे। इससे निष्पक्षता, सुलह, पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके और संविधान के अनुच्छेद 14, 15 और 21 के तहत महिलाओं को मिले मौलिक अधिकारों की रक्षा हो सके।

