सीईसी और ईसी पर कार्रवाई से छूट मामले में केंद्र को नोटिस
सुप्रीम कोर्ट ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त और निर्वाचन आयुक्तों को कार्रवाई से आजीवन छूट देने वाले कानून की धारा 16 को चुनौती देने वाली याचिका पर केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग से जवाब मांगा है। एडीआर ने इस प्रावधान को असंवैधानिक बताते हुए कहा कि यह संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 तथा उसके मूल ढांचे का उल्लंघन करता है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) और निर्वाचन आयुक्तों (ईसी) को किसी भी तरह की कार्रवाई/कार्यवाही से छूट दिए जाने संबंधी याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को केंद्र सरकार और भारत के निर्वाचन आयोग (ईसीआई) को नोटिस जारी किया है। शीर्ष अदालत ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्त (नियुक्ति, सेवा की शर्तें और कार्यकाल) अधिनियम 2023 की धारा-16 को चुनौती देने वाली याचिका पर यह आदेश दिया है। कानून की धारा-16 के तहत मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्तों को पद पर बने रहने और त्यागने के बाद भी जीवन भर कार्रवाई से छूट दी गई है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायामूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायामूर्ति वी. मोहना की पीठ ने गैर सरकारी संगठन ‘एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स’ (एडीआर) की याचिका पर विचार करते हुए केंद्र और निर्वाचन आयोग से जवाब मांगा।
याचिका में कानून की धारा-16 को असंवैधानिक घोषित करने की मांग की गई है। शीर्ष अदालत ने याचिका पर नोटिस जारी करते हुए, इस मुद्दे पर पहले से लंबित अन्य याचिका के साथ सुनवाई करने का फैसला किया है। गैर सरकारी संगठन ‘लोक प्रहरी’ की याचिका में दावा किया गया है कि यह प्रावधान सीईसी और ईसी को अभूतपूर्व, बेलगाम शक्तियां देता है, क्योंकि यह उन्हें अपने पद के घोर दुरुपयोग के तहत की गई गलतियों के लिए जीवन भर किसी भी दीवानी और यहां तक कि आपराधिक कार्यवाही से पूरी तरह से स्थायी छूट प्रदान करता है।गैर सरकारी संगठन एडीआर की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने पीठ से कानून की धारा-16 को असंवैधानिक, शून्य और अप्रभावी घोषित करने की करने की मांग की। उन्होंने पीठ से कहा कि यह संविधान के अनुच्छेद-14 और 21 तथा संविधान के मूल ढांचे का उल्लंघन करती है।

