विरोध प्रदर्शन से जड़े मामलों की 15 अक्टूबर को होगी सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने 10 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन से पहले ट्रेनें रद्द करने और मेट्रो स्टेशन बंद करने के मामले में केंद्र सरकार को जवाब दाखिल करने के लिए 15 अक्टूबर तक का समय दिया। महिला पत्रकारों के कथित उत्पीड़न पर दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी को पेश होने का निर्देश दिया गया। शीर्ष अदालत परिसर में विपक्षी नेताओं के प्रवेश से जुड़ी याचिका पर भी सुनवाई होगी।

नई दिल्ली। विशेष संवाददाता सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को होने वाले विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली आने वाली ट्रेनों और कई मेट्रो स्टेशन बंद करने से जुड़े मामले में केंद्र सरकार को जवाब दाखिल करने के लिए 15 अक्टूबर तक का वक्त दे दिया। इससे पहले, केंद्र सरकार ने जवाब दाखिल करने के लिए शीर्ष अदालत से वक्त देने की गुहार लगाई थी। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में बड़े पैमाने पर अनियमितता और लोगों के नाम काटे जाने के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और विपक्षी दलों ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर सरकार ने भारी सुरक्षा इंतजामों के साथ बड़े पैमाने पर ट्रेनों को रद्द करने के साथ ही, मेट्रो स्टेशन बंद कर दिया था।
ट्रेन और मेट्रो सेवाओं पर जवाब के लिए केंद्र को समय
देश के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और वी. मोहना की पीठ के समक्ष मामले की सुनवाई होनी थी, लेकिन जस्टिस मोहना की तबीयत खराब होने के चलते मामले की सुनवाई 15 अक्टूबर तक के लिए स्थगित कर दी गई। सीजेआई सूर्यकांत ने सुनवाई शुरू होते ही, मामले से जुड़े वकीलों से कहा ‘जस्टिस मोहना बीमार हैं, फिर भी वे कोर्ट आए हैं।’ इस पर केंद्र की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने पीठ से सुनवाई टालने का आग्रह किया और कहा कि स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।’ याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन और अन्य वरिष्ठ वकीलों ने भी सुनवाई टालने पर सहमति जताई। इसी दौरान सॉलिसिटर जनरल मेहता ने पीठ से कहा कि 10 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन से पहले मेट्रो और ट्रेन सेवाओं को पूरी तरह से बंद नहीं करने के सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का पालन नहीं करने के आरोप में दाखिल अवमानना का आरोप लगाने वाली याचिका पर जवाब दाखिल करने; के लिए समय देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा ‘हलफनामा तैयार है। मैं इसे और अधिक व्यापक बनाने के लिए इसमें कुछ और जोड़ना चाहता हूं।’ इसके बाद पीठ ने मामले की सुनवाई 15 अक्टूबर तक स्थगित करते हुए, सररकार को हलफनामा दाखिल करने का समय बढ़ा दिया और कहा कि इसे याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश वकीलों को भी उपलब्ध कराया जाए।
आवागमन रोकने पर अवमानना की मांग
सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में 9 अक्टूबर को कहा था कि सरकार विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर यातायात को पूरी तरह से ठप नहीं कर सकती। इसके बाद, रविवार को शीर्ष अदालत में केंद्र और दिल्ली पुलिस पर शीर्ष अदालत के आदेशों की अनदेखी कर करीब 200 से अधिक ट्रेनें रद्द करने और 45 मेट्रो स्टेशन पूरी तरह से बंद करने के आरोप में अवामनना की कार्रवाई शुरू करने की मांग की गई है।
महिला पत्रकारों के आरोपों पर पुलिस अधिकारी तलब
महिला पत्रकारों के यौन उत्पीड़न पर जवाब देने के लिए दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी को पेश होने का निर्देश
नई दिल्ली।
सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस कर्मियों द्वारा महिला पत्रकारों के साथ मारपीट, बदसलूकी और यौन उत्पीड़न के आरोपों को गंभीरता से लिया है। शीर्ष अदालत ने कड़ा रुख अपनाते हुए मामले की सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी को पेश होने और आरोपों पर सफाई देने को कहा है।
देश के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और वी. मोहना की पीठ ने यह निर्देश तब दिया, जब वरिष्ठ अधिवक्ता इंदिरा जय सिंह ने उन महिला पत्रकारों के लिए सुरक्षा की मांग की है, जिनके साथ राजधानी में विरोध प्रदर्शनों को कवर करने के दौरान दिल्ली पुलिस कर्मियों द्वारा कथित तौर पर यौन उत्पीड़न और बदसलूकी की गई थी। पीठ ने प्रदर्शन से जुड़े अन्य मामलों के साथ, इस मामले पर भी गुरुवार को सुनवाई करने का फैसला किया है। वरिष्ठ अधिवक्ता इंदिरा जयसिंह ने ‘पीठ को बताया कि यह याचिका खास तौर पर उन महिला पत्रकारों से जुड़ी है, जिन्हें विरोध प्रदर्शनों की कवरेज के दौरान कथित तौर पर यौन उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि यह मामला खास तौर पर विरोध प्रदर्शनों के दौरान यौन उत्पीड़न का सामना करने वाली महिला पत्रकारों से जुड़ा है। क्या इसे दूसरी याचिकाओं के साथ ही उसी तारीख पर सुना जा सकता है?’ पीठ को यह भी बताया कि उन्होंने इस याचिका के बारे में सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता को पहले ही सूचना दे दी थी। इस पर सीजेआई सूर्यकांत ने इसके बाद मामले की सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी को मौजूद रहने का निर्देश दिया।
सुप्रीम कोर्ट में यह याचिका को ‘नेटवर्क ऑफ विमेन इन मीडिया, इंडिया’ ने दायर की है। इसमें विरोध प्रदर्शनों को कवर करने वाले पत्रकारों के लिए सुरक्षा की मांग की गई है, जिसमें कथित मारपीट, डराने-धमकाने और मनमाने ढंग से हिरासत में लेने से सुरक्षा शामिल है। संगठन ने विरोध प्रदर्शनों और सार्वजनिक रैलियों के दौरान पत्रकारों के साथ पुलिस के व्यवहार के लिए लागू करने योग्य दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की है। साथ ही, इन घटनाओं की स्वतंत्र जांच और दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की गई है।
शीर्ष अदालत में यह याचिका उन महिला पत्रकारों के आरोपों के बाद दायर की गई है जो दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों को कवर कर रही थीं। पत्रकारों का आरोप है कि प्रेस का सदस्य होने की पहचान बताने के बावजूद उनके साथ बदसलूकी की गई, उन्हें हिरासत में लिया गया और उन्हें अपना पेशेवर काम करने से रोका गया। याचिका के मुताबिक ये आरोप 3 अक्टूबर की एक अलग घटना के बाद भी सामने आए हैं, जब तीन महिला पत्रकारों ने जंतर-मंतर के पास एक विरोध प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने पर दिल्ली पुलिस के कर्मियों पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
सुप्रीम कोर्ट परिसर में विपक्षी नेताओं से जुड़ी याचिका
सुप्रीम कोर्ट में रजिस्ट्री में प्रवेश करने पर विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग
सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को उस याचिका पर 15 अक्टूबर को सुनवाई करने पर सहमति जाहिर की है, जिसमें शीर्ष अदालत परिसर के अंदर राजनीतिक प्रदर्शनों पर पूरी तरह रोक लगाने और न्यायिक व्यवस्था में बाधा डालने वाले राजनेताओं के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई करने की मांग की गई है। शीर्ष अदालत में यह याचिका में सोमवार को विरोध मार्च के बाद सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करने पहुंचे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं अन्य विपक्षी नेताओं द्वारा भीड़ को उल्लेख करते हुए दाखिल की गई है। इस याचिका में सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री में भीड़ जमा करने के लिए कांग्रेस नेता गांधी और अन्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और वी. मोहना की पीठ के समक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता गौरव भाटिया ने इस याचिका का उल्लेख करते हुए इस पर तत्काल सुनवाई की मांग की। बाद में पीठ ने विरोध-प्रदर्शनों से जुड़ी अन्य याचिकाओं के साथ इस याचिका को भी गुरुवार को सूचीबद्ध करने पर सहमति जाहिर की। इस याचिका में केंद्र सरकार, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, राजद नेता तेजस्वी यादव और विपक्षी नेताओं को प्रतिवादी बनाया गया है। कांग्रेस नेता गांधी अन्य विपक्षी नेताओं के साथ सुप्रीम कोर्ट याचिका दाखिल करने पहुंचे थे। याचिका में एसआईआर के दौरान बड़े पैमाने पर लोगों के नाम काटे जाने को चुनौती दी है।

