कबूलनामा एनएसए के तहत हिरासत में रखने का आधार नहीं : सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि पुलिस हिरासत में कबूलनामे के आधार पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत एहतियातन हिरासत नहीं रखी जा सकती। यह निर्णय मुल्ला अफरोज की हिरासत पर आधारित है, जिसमें यूपी सरकार पर 10 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। कोर्ट ने हिरासत के आदेश के लिए पर्याप्त सबूतों की कमी बताई।

सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को महत्वपूर्ण फैसले में कहा कि पुलिस हिरासत में आरोपी के कबूलनामे के आधार पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) लगाकर उसे एहतियातन हिरासत (प्रिवेंटिव डिटेंशन) में नहीं रखा जा सकता है। शीर्ष अदालत ने 2024 में उत्तर प्रदेश के संभल में हुई सांप्रदायिक हिंसा में कथित भूमिका निभाने के आरोपी मुल्ला अफरोज की हिरासत रद्द करते हुए यह फैसला दिया। न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति शील नागू की पीठ ने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 के गलत इस्तेमाल और एक व्यक्ति को गैर कानूनी तरीके से हिरासत में रखने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार पर 10 लाख रुपये जुर्माना भी लगाया है। सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस फैसले को पलट दिया, जिसमें एनएसए के तहत अफरोज की हिरासत को सही ठहराया गया था। पीठ ने फैसले में कहा सिर्फ जुर्म के कबूलने वाले बयान के आधार पर हिरासत में नहीं लिया जा सकता, बल्कि आस-पास के हालात पर भी गौर करना जरूरी है। फैसले में यह भी कहा गया कि मौजूदा मामले में हिरासत में लेने वाले अधिकारी यानी जिलाधिकारी ने हिरासत का आदेश जारी करने से पहले जरूरी जानकारी या सबूतों पर ध्यान नहीं दिया था। शीर्ष अदालत ने कहा कि ‘वास्तव में, हिरासत में लेने वाले अधिकारी की बातों पर विचार करने के बाद यह नतीजा निकला है कि हिरासत में लेने की शक्ति का इस्तेमाल गैर-कानूनी तरीके से किया गया है। पीठ ने अपने फैसले में कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पुलिस हिरासत में अफरोज के कथित कबूलनामे के आधार पर एनएसए लगाकर उसे एहतियातन हिरासत में रखने का आदेश नहीं दे सकती थी。
गिरफ्तारी पुलिस हिरासत में कबूलनामे पर आधारित थी : याचिकाकर्ता
सुप्रीम कोर्ट में एनएसए के तहत हिरासत को चुनौती देते हुए याचिकाकर्ता अफरोज की ओर से कहा गया कि हिंसा के दौरान पुलिस ने खुद गोली चलाई थी और इस पहलू की निष्पक्ष जांच नहीं हुई। पीठ को बताया गया कि उसकी गिरफ्तारी पुलिस हिरासत में दिए गए कबूलनामे पर आधारित थी, जो कानून की नजर में मान्य नहीं है।
सबूत प्रिवेंटिव डिटेंशन के लिए पर्याप्त : यूपी सरकार
राज्य सरकार ने एनएसए के तहत आरोपी को हिरासत में रखने के आदेश का बचाव करते हुए इस बात पर जोर दिया कि याचिकाकर्ता द्वारा हिंसा फैलाने या सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने की बहुत अधिक संभावना है। सरकार ने पीठ से कहा कि अगर उपलब्ध सबूत ऐसी संभावना दिखाते हैं, तो यह प्रिवेंटिव डिटेंशन को सही ठहराने के लिए पर्याप्त है।
एनएसए के अधिकार
एनएसए केंद्र और राज्य सरकारों को ऐसे लोगों को हिरासत में लेने का अधिकार देता है जो ‘देश की सुरक्षा के लिए खतरा’ हो सकता है। हिरासत की अधिकतम अवधि 12 माह की होती है, लेकिन इसे पहले भी खत्म किया जा सकता है।
यह है मामला
वर्ष 2024 में संभल हिंसा के मामले में मुल्ला अफरोज आरोपी है। यह हिंसा तब भड़की थी, जब अदालत के आदेश पर शाही जामा मस्जिद के सर्वे करने टीम पहुंची थी। इस हिंसा में चार लोगों की मौत हो गई थी। घटना के करीब 54 दिन बाद पुलिस ने अफरोज को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी कथित तौर पर पुलिस कस्टडी में दिए गए कबूलनामे के आधार पर हुई थी। हालांकि बाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उसे जमानत दे दी। जमानत मिलने के तुरंत बाद ही 13 अक्तूबर 2025 को एनएसए के तहत उसे एहतियातन हिरासत में रखा गया।
दिवंगत लॉ क्लर्क को श्रद्धांजलि
नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। जस्टिस दीपांकर दत्ता ने एनएसए के तहत एहतियातन हिरासत में रखने के मसले पर पारित महत्वपूर्ण फैसला अपने दिवंगत लॉ क्लर्क ऋत्विक देसवाल को समर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। हाल ही में 27वें जन्मदिन से कुछ दिन पहले देसवाल का निधन हो गया था।
जस्टिस दीपांकर दत्ता और शील नागू की पीठ ने ऋत्विक देसवाल के असमय निधन पर गहरा दुख जताया। देसवाल जस्टिस दत्ता के ऑफिस में लॉ क्लर्क-सह-रिसर्च एसोसिएट के तौर पर काम करते थे। फैसला सुनाते हुए जस्टिस दत्ता ने कहा कि फैसले की हेडिंग ‘इन मेमोरियम’ (याद में) से शुरू होती है। उन्होंने कहा कि हमने अपने फैसले की शुरुआत एक ऐसे व्यक्ति की कोशिशों को याद करते हुए की है जो हमारे बहुत करीबी थे। इसकी हेडिंग ‘इन मेमोरियम’ है।


