कावेरी जल विवाद पर अदालत ने फैसला सुरक्षित रखा
सुप्रीम कोर्ट ने कावेरी जल विवाद में तमिलनाडु की 11 टीएमसी पानी की मांग से जुड़ी अर्जी पर फैसला सुरक्षित रख लिया। कर्नाटक ने कम बारिश और सूखे का हवाला देते हुए कहा कि मांग पूरी करना मुश्किल है और पेयजल के लिए पानी बचाना जरूरी है। तमिलनाडु ने दलील दी कि जल संकट का पूरा बोझ उस पर नहीं डाला जा सकता, क्योंकि पानी की कमी से उसकी फसलें प्रभावित हो रही हैं।

नई दिल्ली, एजेंसी। कावेरी नदी जल विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को तमिलनाडु की नई अर्जी पर फैसला सुरक्षित रख लिया है। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ में सुनवाई हुई। इस दौरान कर्नाटक सरकार ने अदालत को बताया कि इस साल कम बारिश और कई इलाकों में सूखे की वजह से तमिलनाडु की 11 टीएमसी (हजार मिलियन क्यूबिक फीट) पानी की मांग पूरी करना बेहद मुश्किल है। कर्नाटक ने स्पष्ट किया कि राज्य में पीने के पानी की आपूर्ति बनाए रखने के लिए उसे जल संचित करना होगा।वहीं, तमिलनाडु सरकार ने दलील दी कि मौसम और जल संकट का पूरा बोझ केवल निचले इलाके वाले राज्य पर नहीं डाला जा सकता।
पानी की कमी से तमिलनाडु में फसलें प्रभावित हो रही हैं, इसलिए उसे आनुपातिक आधार पर उसका जायज हिस्सा मिलना चाहिए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रखा है।

