ममता गुट वाली टीएमसी की याचिका खारिज
सुप्रीम कोर्ट ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले टीएमसी गुट की याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें चार फ्रीज किए गए बैंक खातों को चलाने की अनुमति मांगी गई थी। कोर्ट ने मामले के गुण-दोष पर विचार करने से इनकार किया और कलकत्ता हाईकोर्ट द्वारा पहले के आदेश को बरकरार रखा। न्यायालय नेसुनवाई में जल्दबाज़ी की अपील की।

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले टीएमसी गुट की याचिका खारिज कर दी। याचिका में फ्रीज किए गए चार बैंक खातों को चलाने की अनुमति मांगी गई थी। न्यायमूर्ति एम.एम. सुंदरेश और न्यायमूर्ति पी.बी. वराले की पीठ ने कहा कि वे कलकत्ता हाईकोर्ट के उस आदेश में दखल नहीं देना चाहते, जिसमें याचिका को अनुमति देने से इनकार कर दिया गया था। शीर्ष अदालत ने कहा कि चुनाव आयोग ने चुनाव चिह्न को फ्रीज कर दिया है और इसलिए यह बड़ा मुद्दा कि उस रकम का हकदार कौन है, अभी विचाराधीन है। पीठ ने कहा कि हम मामले के गुण-दोष पर नहीं जा रहे हैं।
हम अनुच्छेद-136 के तहत अपने अधिकार क्षेत्र का इस्तेमाल नहीं करना चाहते। हम हाईकोर्ट से अनुरोध करते हैं कि सुनवाई में तेजी लाए। सुनवाई के दौरान, बनर्जी गुट वाली टीएमसी की ओर से पेश वरिष्ठ वकील अभिषेक सिंघवी ने कहा कि राज्य पुलिस ने बैंक खाते इसलिए फ्रीज किए हैं क्योंकि वह पार्टी के खिलाफ है और उसकी राजनीतिक गतिविधियों को रोकना चाहती है। सिंघवी ने कहा कि पार्टी को अपने कामकाज और खर्चों को चलाने के लिए हर महीने कम से कम 12.15 करोड़ रुपये की जरूरत होती है।सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सिंघवी की याचिका का विरोध किया और कहा कि गुटों के बीच विवाद है जिसमें एक पक्ष खुद को असली तृणमूल कांग्रेस बताता है। उन्होंने अदालत को बताया कि एक शिकायत की गई थी कि टीएमसी के बनर्जी गुट के एक निजी सचिव ने कथित तौर पर उन खातों में नकद के जरिए 35 करोड़ रुपये जमा किए थे। मेहता ने कहा कि इस संबंध में जांच चल रही थी। शीर्ष अदालत ने मेहता की दलील पर गौर किया और याचिका खारिज कर दी।

