‘शादी से इनकार करना खुदकुशी के लिए उकसाने का अपराध नहीं’
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि लिव-इन पार्टनर से शादी करने से इनकार करना अपने आप में आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध नहीं है। अदालत ने युवक और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही रद्द कर दी। पीठ के अनुसार, अपराध साबित करने के लिए जानबूझकर उकसावा या आत्महत्या की आशंका की जानकारी होना जरूरी है। यह मामला 2022 में तेलंगाना में हुई घटना से जुड़ा था।

सुप्रीम कोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसले में कहा कि लिव-इन पार्टनर से शादी करने से इनकार करना अपने आप में आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध नहीं है। शीर्ष अदालत ने लड़की को खुदकुशी के लिए उकसाने के जुर्म में एक युवक, उसके माता-पिता, बहन और अन्य लोगों के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही रद्द करते हुए टिप्पणी की। न्यायमूर्ति जे.बी. पारदीवाला और न्यायमूर्ति के. विनोद चंद्रन की पीठ ने फैसले में कहा कि शादी करने से इनकार करने और उसके बाद पार्टनर के आत्महत्या कर लेने को, बिना किसी जानबूझकर उकसावे या इस जानकारी के कि शादी से मना करने से आत्महत्या हो सकती है, आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध नहीं माना जा सकता।
पीठ ने कहा कि शिकायतकर्ता के आरोपों को अगर सच भी मान लिया जाए, तो भी यह साबित नहीं होता कि आरोपियों ने लड़की को आत्महत्या के लिए उकसाया था। पीठ ने फैसले में कहा कि लोग परिस्थितियों पर अलग-अलग तरह से प्रतिक्रिया देते हैं और अगर ब्रेकअप के बाद कोई आत्महत्या कर लेता है, तो इसे हमेशा आत्महत्या के लिए उकसाना नहीं कहा जा सकता। शीर्ष अदालत ने कहा कि जहां तक मौजूदा मामले का सवाल है तो युवक द्वारा शादी से इनकार करने के पीछे महिला को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का इरादा नहीं था और न ही आरोपियों को यह पता था कि इनकार करने पर वह आत्महत्या कर लेगी। सुप्रीम कोर्ट ने तेलंगाना हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ आरोपियों की अपील को स्वीकार करते हुए यह फैसला दिया है। हाईकोर्ट ने आरोपियों को राहत देने से इनकार कर दिया था। मौजूदा मामला वर्ष 2022 में तेलंगाना के कुशेगैडा जिला का है।

