चुनाव टिकट बेचने संबंधी याचिका पर सुनवाई से इनकार
सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश में राजनीतिक दलों पर चुनाव टिकट बेचने के आरोपों से जुड़े वायरल स्टिंग ऑपरेशन की सीबीआई जांच की मांग वाली याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया। अदालत ने याचिकाकर्ता संगठन को निर्वाचन आयोग के समक्ष अपनी लंबित शिकायत और रिमाइंडर आगे बढ़ाने की छूट दी। इलाहाबाद हाईकोर्ट भी पहले ऐसी जनहित याचिका खारिज कर चुका है।

उत्तर प्रदेश में कुछ राजनीतिक दलों द्वारा कथित तौर पर चुनाव टिकट बेचे जाने के स्टिंग ऑपरेशन की सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर दाखिल याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को सुनवाई करने से इनकार कर दिया। हालांकि, शीर्ष अदालत ने याचिकाकर्ता को इस मुद्दे पर भारत के निर्वाचन आयोग के समक्ष लंबित अर्जी और रिमाइंडर को आगे बढ़ाने की छूट दी है। मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने याचिकाकर्ता संगठन ‘स्वराज वाहिनी एसोसिएशन’ की याचिका पर विचार करने से इनकार दिया। पीठ ने अपने आदेश में कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इस मुद्दे पर याचिकाकर्ता की जनहित याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया था।
पीठ ने याचिकाकर्ता संगठन को अपनी शिकायत को लेकर निर्वाचन आयोग के समक्ष जाने को कहा है। पीठ ने अपने आदेश में कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि निर्वाचन आयोग शिकायत पर विचार करने के बाद समुचित निर्णय लेगा। शीर्ष अदालत में दाखिल याचिका में केंद्र सरकार, निर्वाचन आयोग के अलावा उत्तर प्रदेश की निषाद पार्टी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, अपना दल (सोनेलाल) और जन जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) को भी पक्षकार बनाया गया था।हाईकोर्ट ने 7 सितंबर को पारित आदेश में राजनीतिक दलों के कामकाज से जुड़े सोशल मीडिया पर वायरल स्टिंग ऑपरेशन की सीबीआई किसी अन्य जांच एजेंसी से जांच कराने की मांग वाली जनहित याचिका खारिज कर दी थी। हाईकोर्ट ने कहा था कि कोर्ट से यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि वह जनहित के नाम पर पेश किए गए हर स्टिंग ऑपरेशन या सोशल मीडिया पोस्ट की जांच का आदेश दे।

