थाने में आग लगा देने भर से यूएपीए लागू नहीं होता : सुप्रीम कोर्ट

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

2024 के हल्द्वानी हिंसा मामले में सुप्रीम कोर्ट ने आपत्ति जताते हुए उत्तराखंड सरकार से पूछा कि केवल थाने में आग लगाने पर कैसे यूएपीए लागू किया जा सकता है। जमानत के आदेश में दखल देने से इनकार करते हुए, मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि मामले में ठोस कारणों के बिना दखल की आवश्यकता नहीं है।

थाने में आग लगा देने भर से यूएपीए लागू नहीं होता : सुप्रीम कोर्ट

वर्ष 2024 के हल्द्वानी हिंसा मामले में आतंकवाद निरोधक कानून गैर कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) को लागू किए जाने पर गंभीर चिंता जाहिर की। शीर्ष अदालत ने इसे गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड सरकार से पूछा कि भीड़ द्वारा थाने में आग लगा देने भर से ‘यूएपीए’ कैसे लागू हो सकता है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और वी. मोहना की पीठ ने उत्तराखंड सरकार की अपील खारिज करते हुए यह टिप्पणी की। राज्य सरकार ने वर्ष 2024 के हल्द्वानी हिंसा के आरोपी अब्दुल मलिक को हाईकोर्ट से मिली जमानत को चुनौती दी थी। पीठ ने मलिक को मिली जमानत बहाल रखते हुए उत्तराखंड हाईकोर्ट के आदेश में दखल देने से इनकार कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि भले ही फैसले में हाईकोर्ट का तर्क अधूरा रहा हो, लेकिन व्यक्तिगत स्वतंत्रता से जुड़े मामले में दखल देने का कोई ठोस कारण नहीं है। उत्तराखंड की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि हाईकोर्ट ने बिना ठोस कारण बताए आरोपी मलिक को जमानत दे दी। भाटिया ने मलिक की जमानत रद्द करने की मांग की। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट ने फैसला करते समय यूएपीए की धारा 43डी (5) के तहत कड़ी शर्तों पर विचार नहीं किया। उन्होंने कहा कि आगजनी और पुलिस स्टेशन पर पेट्रोल बम फेंकने जैसी घटनाएं भी हुई है। इसके बाद न्यायमूर्ति बागची ने मामले में यूएपीए लागू किए जाने पर सवाल उठाया। ‘यदि कोई भीड़ जाकर पुलिस स्टेशन जला देती है, तो क्या उस पर सीधे आतंकवाद निरोधक कानून ‘यूएपीए’ लागू हो जाएगा? जब भाटिया ने कहा कि अगर सार्वजनिक व्यवस्था को खतरा हो तो यूएपीए लागू होता है। इसके बाद न्यायमूर्ति बागची ने कहा कि ‘सार्वजनिक व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा’ के बीच अंतर है। उन्होंने कहा कि इस अदालत को मामले में यूएपीए की धाराएं लागू करने पर गंभीर संदेह है। इसलिए हम हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ राज्य सरकार की अपील पर विचार करने के इच्छुक नहीं हैं और इसे खारिज कर रहे हैं।

सीजेआई ने भी दखल देने से इनकार किया

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने भी जमानत आदेश में दखल देने से इनकार करते हुए कहा कि सिर्फ इसलिए अपीलीय दखल की जरूरत नहीं है कि हाईकोर्ट का तर्क अधूरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि इन तथ्यों में, हमें वास्तव में हाईकोर्ट से विस्तृत आदेश की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि वह दो साल से हिरासत में था। भले ही गलत कारण से जमानत दी गई हो, हमें दखल नहीं देना चाहिए।

मामला इतना ही गंभीर था तो अब तक सजा हो जानी चाहिए थी : जस्टिस बागची

मामले की सुनवाई के दौरान बार-बार राज्य सरकार की ओर गंभीर आरोप होने की दलील दिए जाने पर जस्टिस बागची ने कहा कि यदि आरोप उतने ही गंभीर थे, जितना आप (राज्य सरकार) दावा कर रहे हैं, तो अब तक ट्रायल पूरा कर आरोपी सजा हो जानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस का मनोबल गिरना आपकी चिंता है, तो आपको दो साल में सजा दिलवा देनी चाहिए थी। आप बुरी तरह विफल रहे हैं।’

सामान्य प्रश्न

सुप्रीम कोर्ट ने यूएपीए लागू करने पर क्या कहा?
सुप्रीम कोर्ट ने उत्तराखंड सरकार से पूछा कि भीड़ द्वारा थाने में आग लगाने पर कैसे यूएपीए लागू हो सकता है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsथाने में आग लगा देने भर से यूएपीए लागू नहीं होता : सुप्रीम कोर्ट