ट्रैफिक चालान का जुर्माना जमा नहीं भरने पर वाहन जब्त करने का आदेश

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

सुप्रीम कोर्ट ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ट्रैफिक जुर्माना वसूलने का कठोर आदेश दिया है। लगभग 23 हजार करोड़ रुपये बकाया हैं और ई-चालान पर वसूली के लिए औचक जांच करने को कहा गया है। जुर्माना न जमा करने पर गाड़ियों से संबंधित सेवाओं पर रोक लगेगी।

ट्रैफिक चालान का जुर्माना जमा नहीं भरने पर वाहन जब्त करने का आदेश

नई दिल्ली। विशेष संवाददाता सुप्रीम कोर्ट ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को बकाया ट्रैफिक जुर्माना वसूलने के लिए कड़े कदम उठाने का आदेश दिया है। शीर्ष अदालत ने यातायात नियमों की अनदेखी पर जारी किए गए ई-चालान के तहत करीब 23 हजार करोड़ रुपये बकाये की वसूली के लिए रैंडम चेकिंग करने और जुर्माना जमा नहीं करने वाले वाहनों को जब्त करने को कहा है। इतना ही नही, शीर्ष अदालत ने चलाना का बकाया राशि का भुगतान होने तक गाड़ियों से जुड़ी ऑनलाइन सेवाओं पर भी रोक लगाने को कहा है।

आदेश का विवरण

जस्टिस जेबी पारदीवाला और केवी विश्वनाथन की पीठ ने यह आदेश दिया है। पीठ ने सड़क सुरक्षा से लंबित एस. राजशेखरन की याचिका पर दिया है। शीर्ष अदालत तब से इस मामले की निगरानी कर रहा है। पीठ ने 28 सितंबर को पारित अपने आदेश में कहा है कि ‘सिर्फ हजारों ई-चालान जारी करने से कोई खास लाभ नहीं होगा, जब तक कि सक्षम अधिकारी जुर्माना वसूलना सुनिश्चित न करें। आदेश के मुताबिक देशभर में जारी ई-चालान के तहत लगभग ₹49,194.05 करोड़ की वसूली होनी बाकी थी, जिसमें से ₹26,175.05 करोड़ वसूल किए जा चुके हैं। यानी करीब 23 हजार करोड़ रुपये अब भी वसूल किए जाने हैं।

जुर्माना वसूली की प्रभावी विधि

सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है ‘जिस व्यक्ति पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने का आरोप है, उसे सिर्फ ई-चालान जारी करते रहना पर्याप्त नहीं है। पुलिस ऐसे हजारों-लाखों ई-चालान जारी कर सकती है, लेकिन सवाल यह है कि उन ई-चालान के जरिए लगाए गए जुर्माने की वसूली कैसे की जाए।’

इसी मामले की सुनवाई के दौरान 28 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट ने ‘मौखिक तौर पसभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ट्रैफिक चालान को लोगों के बिजली बिल से जोड़ने का सुझाव दिया था ताकि जुर्माने की रकम वसूली की जा सके। शीर्ष अदालत ने कहा था कि यदि ट्रैफिक चालान को बिजली के बिल से जोड़ दिया जाए तो लोग हर हाल में जुर्माने की रकम जमा करेंगे, अन्यथा उनका बिजली कनेक्शन कट सकता है।’

वाहनों की औचक जांच

सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में अब सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों को वाहनों का औचक जांच करने को कहा है। साथ ही कहा है यदि यह पाया जाता है कि किसी गाड़ी के लिए जारी ई-चालान का भुगतान नहीं किया गया है, तो उसे जब्त करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। अपने आदेश में शीर्ष अदालत ने कहा है ‘हम अनिश्चित काल तक निर्देश जारी करते रह सकते हैं, लेकिन अगर ये सभी निर्देश सिर्फ कागजों पर ही रह जाते हैं और आखिरकार अधिकारियों द्वारा लागू नहीं किए जाते हैं, तो एक दिन हमें कोई सख्त कदम उठाना पड़ सकता है जो शायद अधिकारियों को पसंद न आएं।’

जुर्माना जमा नहीं करने पर सेवाएं बंद

सुप्रीम कोर्ट ने जुर्माना जमा नहीं करने वाले वाहनों को जब्त करने के अलावा, सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को बिना भुगतान वाले ई-चालान की वसूली के लिए कड़े कदम उठाने का निर्देश दिया है। इनमें गाड़ी से जुड़ी ऑनलाइन सेवाओं को रोकना, मालिकाना हक के ट्रांसफर को रोकना, फिटनेस और पीयूसी सर्टिफिकेट देने से इनकार करना और ‘परिवहन पोर्टल’ पर गाड़ियों को ब्लैकलिस्ट करना शामिल है।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा ‘हम अधिकारियों से उम्मीद करते हैं कि जुर्माने की वसूली को असरदार ढंग से लागू करने के लिए वे उन गाड़ियों की ऑनलाइन सर्विस रोक देंगे जिन पर बकाया रकम है। अधिकारी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट को रिन्यू करने या डुप्लीकेट रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट जारी करने से रोकेंगे और मालिक का पता वगैरह अपडेट करने की किसी भी रिक्वेस्ट पर विचार नहीं करेंगे।’ पीठ ने कहा कि अधिकारी तब तक फिटनेस प्रमाण पत्र जारी नहीं करेंगे जब तक सभी लंबित चलाना का जुर्माने की रकम का पूरी तरह से भुगतान न हो जाए। इसके अलावा जुर्माना जमा नहीं करने वाले वाहनों को परिवहन पोर्टल पर ब्लैकलिस्ट करने का भी निर्देश दिया है। साथ ही कहा है कि यदि कोई व्यक्ति अपनी गाड़ी बेचना चाहता है तो यह उसके लिए रुकावट बनेगा। सुप्रीम कोर्ट ने मालिकाना हक स्थानांतरित करने पर भी रोक लगाने का निर्देश दिया है।

नियमों का पुन: उल्लंघन

बार-बार नियम तोड़ने पर लाइसेंस निलंबित होगा। सुप्रीम कोर्ट ने कई बार नियम तोड़ने पर ड्राइविंग लाइसेंस के नवीनीकरण पर रोक लगाने के साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने के उपाय भी करने को कहा है। साथ ही कहा है कि सबसे जरूरी बात यह है कि किसी भी सेंटर को पीयूसी प्रमाणपत्र जारी करने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए।

प्रमुख निर्देश

एआई-बेस्ड इलेक्ट्रॉनिक एनफोर्समेंट।

सुप्रीम कोर्ट ने राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और सड़क की देखरेख करने वाली अन्य एजेंसियों को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि कानूनी ढांचे के तहत लगाए गए इलेक्ट्रॉनिक एनफोर्समेंट सिस्टम एआई-इनेबल्ड हों और सेंट्रल मोटर व्हीकल्स रूल्स, 1989 के नियम 167ए(3) के तहत बताए गए 12 तरह के उल्लंघनों का पता लगाने में सक्षम हों। इसका मकसद पूरे देश में कानून के मुताबिक ई-चालान जारी करने की सुविधा देना है।

जानकारी का सार्वजनिक डैशबोर्ड

पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने मंत्रालय ने सार्वजनिक ऑनलाइन डैशबोर्ड बनाने का निर्देश दिया। डैशबोर्ड में राज्य/केंद्र शासित प्रदेशों और नेशनल हाईवे कॉरिडोर के हिसाब से जानकारी दी जाएगी, जैसे: इलेक्ट्रॉनिक एनफोर्समेंट के लिए पहचाने गए कॉरिडोर, इलेक्ट्रॉनिक एनफोर्समेंट डिवाइस की संख्या और उनके काम करने की स्थिति, निगरानी किए जा रहे उल्लंघन के प्रकार, और पकड़े गए उल्लंघन बनाम जारी किए गए ई-चालान। इस जानकारी को हर माह कम से कम एक बार अपडेट करने को कहा है।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा प्रणाली

सुप्रीम कोर्ट ने सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा 28 अक्टूबर, 2025 को तैयार मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) को लागू करते समय, इस बात का भी पता लगाने का निर्देश दिया कि एनसीआरबी के अक्टूबर 2023 के कॉन्सेप्ट पेपर/प्लान में दी गई सिफारिशों को एक पूरक कार्ययोजना में कैसे शामिल किया जा सकता है। इसके तहत देश भर में इलेक्ट्रॉनिक एनफोर्समेंट को मजबूत करने के लिए है, जो राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य राजमार्गों और खास शहरी इलाकों में सड़क सुरक्षा की इलेक्ट्रॉनिक निगरानी और एनफोर्समेंट को अनिवार्य बनाती है। प्रवर्तन और सड़क सुरक्षा डेटा के रियल-टाइम एक्सचेंज के लिए वाहन-4, सारथी, ई-चालान, ई-डार, आईआरएडी और राज्य/केंद्र के ट्रैफिक कंट्रोल रूम को आपस में जोड़ना।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦सुप्रीम कोर्ट ने बकाया ट्रैफिक जुर्माने की वसूली के लिए क्या आदेश दिया?−
सुप्रीम कोर्ट ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को बकाया ट्रैफिक जुर्माना वसूलने के लिए कड़े कदम उठाने का आदेश दिया है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsट्रैफिक चालान का जुर्माना जमा नहीं भरने पर वाहन जब्त करने का आदेश