न्यायिक आयोग के लिए मेडा ने जमा किए 35 लाख
मेरठ विकास प्राधिकरण ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अवैध कॉलोनियों की जांच के लिए 35 लाख रुपये जमा कराए हैं। न्यायिक आयोग जल्द मेरठ पहुंचेगा। कोर्ट ने अधिकारियों को चिह्नित करने का आदेश दिया है। आयोग को भूमि स्वामित्व और अधिकारियों की भूमिका की जांच करनी है।

मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) ने उल्देपुर क्षेत्र में काटी गई अवैध कॉलोनियों की जांच के लिए गठित किए गए न्यायिक आयोग के खर्च के लिए 35 लाख रुपये सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री में जमा करा दिए हैं। न्यायिक आयोग जल्द ही अवैध कॉलोनियों के मामले की जांच करने के लिए मेरठ पहुंचेगा। न्यायिक आयोग के गठन से जहां अवैध कॉलोनियों में मकान लेने वालों को उम्मीद की किरन नजर आ रही है, वहीं इन कॉलोनियों को विकसित कराने वाले मेडा अधिकारियों व कर्मचारियों की सांसें अटकी हुई हैं। सुप्रीम कोर्ट ने अवैध कॉलोनियों को विकसित कराने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों को चिह्नित करने के आदेश दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने 21 सितंबर को सेंट्रल मार्केट मामले की सुनवाई करते समय उल्देपुर क्षेत्र में काटी जा रही अवैध कॉलोनियों को लेकर सख्त आदेश दिया है। कोर्ट ने यहां बनी सभी कॉलोनियों को ध्वस्त करने के आदेश के साथ ही सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश सुधांशु धूलिया की अध्यक्षता में न्यायिक आयोग का गठन किया है। आयोग के अध्यक्ष की सहायता के लिए प्रमुख सचिव आवास पी गुरुप्रसाद को आयोग का नोडल अधिकारी बनाया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को आदेश दिए थे कि आयोग के सदस्यों के खर्च के लिए सात दिन के अंदर 35 लाख रुपये जमा कराएं। मेडा के प्रभारी सचिव विजय शुक्ला ने बताया कि शासन के आदेश पर मेरठ विकास प्राधिकरण सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री में 35 लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा करा दिया है。
इन बिंदुओं पर जांच करेगा न्यायिक आयोग
- जिन जमीन पर अवैध आवासीय कॉलोनियां बनाई गई हैं, क्या वह सरकार के स्वामित्व में हैं।
- यदि भूमि सरकार की नहीं है, तो इन विशाल भूखंडों के वैध स्वामी कौन-कौन हैं।
- यदि जांच में यह सामने आता है कि भूमि सरकार की नहीं बल्कि विभिन्न निजी व्यक्तियों की है तो भूमि स्वामियों और खरीदारों के बीच लेन-देन किस प्रकार हुआ।
- मेरठ विकास प्राधिकरण पांच वर्ष से अधिक समय तक क्यों निष्क्रिय रहा और उसने अपनी आंखों के सामने इन अवैध आवासीय कॉलोनियों को विकसित होने की अनुमति क्यों दी।
- क्या ये अवैध आवासीय कॉलोनियां मेरठ विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की मिलीभगत एवं सांठगांठ से विकसित हुईं और यदि ऐसा है, तो इसके लिए कौन-कौन से अधिकारी जिम्मेदार हैं।

