ई-चालान का जुर्माना नहीं भरने पर वाहन होंगे जब्त : सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को बकाया ट्रैफिक जुर्माना वसूलने के लिए कड़े कदम उठाने का आदेश दिया। अदालत ने ई-चालान के बकाया की वसूली के लिए वाहनों की जब्ती का निर्देश दिया और ट्रैफिक चालान को बिजली बिल से जोड़ने का सुझाव दिया।

सुप्रीम कोर्ट ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को बकाया ट्रैफिक जुर्माना वसूलने के लिए कड़े कदम उठाने का आदेश दिया। शीर्ष अदालत ने यातायात नियमों की अनदेखी पर जारी किए गए ई-चालान के बकाये की वसूली के लिए रैंडम चेकिंग करने और जुर्माना जमा नहीं करने वाले वाहनों को जब्त करने को कहा। न्यायमूर्ति जे.बी. पारदीवाला और न्यायमूर्ति के.वी. विश्वनाथन की पीठ ने यह आदेश दिया है। पीठ ने सड़क सुरक्षा पर लंबित एस. राजशेखरन की याचिका पर दिया है। शीर्ष अदालत तब से इस मामले की निगरानी कर रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि जिस व्यक्ति पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने का आरोप है, उसे सिर्फ ई-चालान जारी करते रहना पर्याप्त नहीं है। सवाल यह है कि उन ई-चालान के जरिए लगाए गए जुर्माने की वसूली कैसे की जाए। सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों को वाहनों की औचक जांच करने को कहा। साथ ही कहा कि यदि यह पाया जाता है कि किसी गाड़ी के लिए जारी ई-चालान का भुगतान नहीं किया गया है, तो उसे जब्त करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। अपने आदेश में शीर्ष अदालत ने कहा कि हम अनिश्चित काल तक निर्देश जारी करते रह सकते हैं, लेकिन अगर ये सभी निर्देश सिर्फ कागजों पर ही रह जाते हैं और आखिरकार अधिकारियों द्वारा लागू नहीं किए जाते हैं, तो एक दिन हमें कोई सख्त कदम उठाना पड़ सकता है जो शायद अधिकारियों को पसंद न आएं।
इसी मामले की सुनवाई के दौरान
इसी मामले की सुनवाई के दौरान 28 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट ने मौखिक तौर पर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ट्रैफिक चालान को लोगों के बिजली बिल से जोड़ने का सुझाव दिया था ताकि जुर्माने की रकम वसूली की जा सके। शीर्ष अदालत ने अपने आदेश में कहा था कि सिर्फ हजारों ई-चालान जारी करने से कोई खास लाभ नहीं होगा, जब तक कि सक्षम अधिकारी जुर्माना वसूलना सुनिश्चित न करें।
बार-बार नियम तोड़ने पर लाइसेंस निलंबित होगा
सुप्रीम कोर्ट ने कई बार नियम तोड़ने पर ड्राइविंग लाइसेंस के नवीनीकरण पर रोक लगाने के साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने के उपाय भी करने को कहा है। साथ ही कहा कि सबसे जरूरी बात यह है कि किसी भी सेंटर को पीयूसी प्रमाणपत्र जारी करने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए।
कुछ और प्रमुख निर्देश
एआई-बेस्ड होने चाहिए इलेक्ट्रॉनिक एनफोर्समेंट सिस्टम
सुप्रीम कोर्ट ने राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और सड़क की देखरेख करने वाली अन्य एजेंसियों को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि कानूनी ढांचे के तहत लगाए गए इलेक्ट्रॉनिक एनफोर्समेंट सिस्टम एआई-इनेबल्ड हों और सेंट्रल मोटर व्हीकल्स रूल्स, 1989 के नियम 167ए(3) के तहत बताए गए 12 तरह के उल्लंघनों का पता लगाने में सक्षम हों। इसका मकसद पूरे देश में कानून के मुताबिक ई-चालान जारी करने की सुविधा देना है।
हर महीने पब्लिक डैशबोर्ड पर जानकारी देने का आदेश
पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने मंत्रालय से सार्वजनिक ऑनलाइन डैशबोर्ड बनाने का निर्देश दिया। डैशबोर्ड में राज्य/केंद्र शासित प्रदेशों और नेशनल हाईवे कॉरिडोर के हिसाब से जानकारी दी जाएगी। जैसे: इलेक्ट्रॉनिक एनफोर्समेंट के लिए पहचाने गए कॉरिडोर, इलेक्ट्रॉनिक एनफोर्समेंट डिवाइस की संख्या और उनके काम करने की स्थिति, निगरानी किए जा रहे उल्लंघन के प्रकार, और पकड़े गए उल्लंघन बनाम जारी किए गए ई-चालान। इस जानकारी को हर माह कम से कम एक बार अपडेट करने को कहा है।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा प्रणाली और डेटा इंटीग्रेशन
सुप्रीम कोर्ट ने सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा 28 अक्तूबर, 2025 को तैयार मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) को लागू करते समय, इस बात का भी पता लगाने का निर्देश दिया कि एनसीआरबी के अक्तूबर 2023 के कॉन्सेप्ट पेपर/प्लान में दी गई सिफारिशों को एक पूरक कार्ययोजना में कैसे शामिल किया जा सकता है। इसके तहत यह देशभर में इलेक्ट्रॉनिक एनफोर्समेंट को मजबूत करने के लिए है, जो राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य राजमार्गों और खास शहरी इलाकों में सड़क सुरक्षा की इलेक्ट्रॉनिक निगरानी और एनफोर्समेंट को अनिवार्य बनाती है। प्रवर्तन और सड़क सुरक्षा डेटा के रियल-टाइम एक्सचेंज के लिए वाहन-4, सारथी, ई-चालान, ई-डार, आईआरएडी और राज्य/केंद्र के ट्रैफिक कंट्रोल रूम को आपस में जोड़ना।

