पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध के पक्ष में नहीं शीर्ष अदालत
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के बजाय लोगों से कम प्रदूषण वाले विकल्प अपनाने की अपील की। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की पीठ ने जनस्वास्थ्य और धार्मिक भावनाओं के बीच संतुलन पर जोर दिया। अदालत ने कहा कि ऐसे प्रतिबंधात्मक आदेश नहीं देने चाहिए जिन्हें लागू करना मुश्किल हो, और नागरिकों को पटाखों के स्वास्थ्य जोखिमों के प्रति जागरूक करना जरूरी है।

नई दिल्ली, एजेंसी। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को स्पष्ट किया कि वह दिल्ली-एनसीआर में पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंधात्मक आदेश के पक्ष में नहीं है। इसके बजाय अदालत ने आम जनता से अपील की है कि वे खुद ही कम से कम प्रदूषण वाले तरीकों को अपनाएं। इसके लिए कोर्ट ने जागरूकता की अपील करते हुए कहा कि जनस्वास्थ्य और धार्मिक भावनाओं के बीच संतुलन बनाना जरूरी है। भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और वी. मोहना की पीठ दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण पर स्वत: संज्ञानात्मक कार्यवाही पर सुनवाई कर रही थी। सीजेआई ने कहा, ‘हम धार्मिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाएंगे, लेकिन लोगों को खुद आगे आकर इसे अपनाना चाहिए।
पूरी प्रक्रिया में संतुलन बनाने वाला दृष्टिकोण होना चाहिए। नागरिकों को पटाखों से होने वाले स्वास्थ्य खतरों के बारे में जागरूक करने की जरूरत है।’पीठ ने कहा कि वे ऐसे प्रतिबंधात्मक आदेश पारित करने के पक्ष में नहीं हैं जिन्हें लागू करना मुश्किल हो। सीजेआई ने कहा, ‘हमें आदेश पारित करते समय बहुत सावधान रहना होगा, जब तक कि हम उसे सही ढंग से लागू करने और संभालने की स्थिति में नहीं हों।’ इससे पहले एमिकस और वरिष्ठ अधिवक्ता अपराजिता सिंह ने कहा कि सही तरीके से लागू किए बिना प्रतिबंध बेअसर रहेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों का हर समय हर गली में मौजूद रहना नामुमकिन है।


