निर्वाचन आयुक्तों को जीवन पर्यंत कार्रावाई से छूट देने पर सरकार से मांगा जवाब
सुप्रीम कोर्ट ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त और निर्वाचन आयुक्तों को आधिकारिक कर्तव्यों के दौरान किए गए कार्यों के लिए कार्रवाई से छूट देने वाली धारा 16 को चुनौती देने वाली याचिका पर केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग से जवाब मांगा है। एडीआर ने इस प्रावधान को असंवैधानिक बताते हुए कहा कि यह संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 तथा मूल ढांचे का उल्लंघन करती है।

नई दिल्ली। विशेष संवाददाता मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) और निर्वाचन आयुक्तों (ईसी) को उनके अधिकारिक कर्तव्यों के पालन के दौरान किए गए कार्यों के लिए किसी भी तरह की कार्रवाई/कार्यवाही से छूट दिए जाने पर सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को केंद्र सरकार और भारत के निर्वाचन आयोग (ईसीआई) को नोटिस जारी किया है। शीर्ष अदालत ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्तों (नियुक्ति, सेवा की शर्तें और कार्यकाल) अधिनियम 2023 की धारा 16 को चुनौती देने वाली याचिका पर यह आदेश दिया है। कानून की धारा 16 के तहत मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्तों को पद पर बने रहने और त्यागने के बाद भी जीवन भर कार्रवाई से छूट (इम्यूनिटी) दिया गया है।
सुप्रीम कोर्ट का केंद्र और निर्वाचन आयोग को नोटिस
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायामूर्ति जॉयमाल्य बागची और वी मोहना की पीठ ने गैर सरकारी संगठन ‘एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स’ (एडीआर) की ओर से दाखिल याचिका पर विचार करते हुए केंद्र और निर्वाचन आयोग को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। याचिका में कानून की धारा 16 को असंवैधानिक घोषित करने की मांग की गई है। इसके तहत, फिलहाल लागू किसी अन्य कानून में कुछ भी होने के बावजूद, कोई भी अदालत किसी ऐसे व्यक्ति के खिलाफ कोई दीवानी या आपराधिक कार्यवाही शुरू या जारी नहीं रखेगी जो मुख्य निर्वाचन आयुक्त या निर्वाचन आयुक्त है या था, किसी ऐसे कार्य, बात या शब्द के लिए जो उसने अपने आधिकारिक कर्तव्य या कार्य के निर्वहन के दौरान या ऐसा करने का प्रयास करते हुए किया या कहा हो।’ शीर्ष अदालत ने याचिका पर नोटिस जारी करते हुए, इस मुद्दे पर पहले से लंबित अन्य याचिका के साथ सुनवाई करने का फैसला किया है। सुप्रीम कोर्ट ने इसी साल जनवरी में, 2023 अधिनियम की धारा 16 के तहत मुख्य निर्वाचन आयुक्त और निर्वाचन आयुक्तों को दी गई छूट के खिलाफ दाखिल याचिका पर सुनवाई करने की सहमति जताते हुए नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। गैर सरकारी संगठन ‘लोक प्रहरी’ की याचिका में दावा किया गया है कि यह प्रावधान सीईसी और ईसी को अभूतपूर्व, बेलगाम शक्तियां देता है, क्योंकि यह उन्हें अपने पद के घोर दुरुपयोग के तहत की गई गलतियों के लिए जीवन भर किसी भी दीवानी और यहां तक कि आपराधिक कार्यवाही से पूरी तरह से स्थायी छूट प्रदान करता है।
धारा 16 को असंवैधानिक घोषित करने की मांग
गैर सरकारी संगठन एडीआर की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने पीठ से कानून की धारा 16 को असंवैधानिक, शून्य और अप्रभावी घोषित करने की करने की मांग की। उन्होंने पीठ से कहा कि यह संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 तथा संविधान के मूल ढांचे का उल्लंघन करती है।

