संभल मस्जिद: संरक्षित पूजा स्थलों को मिलने वाली कानूनी सुरक्षा को नजरअंदाज ‌‌नहीं किया जा सकता- मस्जिद समिति

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

नई दिल्ली। संभल जामा मस्जिद प्रबंधन समिति ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि प्राचीन स्मारक के मूल धार्मिक स्वरूप को बनाए रखना जरूरी है। समिति ने पूजा अनुष्ठान के लिए प्रवेश की मांग पर सवाल उठाया। वरिष्ठ अधिवक्ता ने बताया कि कोर्ट ने जल्दी में कमिश्नर नियुक्त किया, जो कानूनी रूप से सही नहीं था।

संभल मस्जिद: संरक्षित पूजा स्थलों को मिलने वाली कानूनी सुरक्षा को नजरअंदाज ‌‌नहीं किया जा सकता- मस्जिद समिति

नई दिल्ली। विशेष संवाददाता संभल जामा मस्जिद प्रबंधन समिति ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट से कहा कि कानून के तहत किसी प्राचीन स्मारक के मूल धार्मिक स्वरूप को बनाए रखना जरूरी है। समिति ने कहा कि पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान करने के लिए स्मारक में प्रवेश की मांग करने वाले दावे के आधार पर, संरक्षित पूजा स्थलों को मिलने वाली कानूनी सुरक्षा को नजरअंदाज ‌‌नहीं किया जा सकता। इतना ही नहीं, समिति ने निचली अदालत द्वारा मस्जिद परिसर के सर्वे के लिए एक अधिवक्ता को कमिश्नर नियुक्त करने में की गई जल्दबाजी पर भी सवाल उठाया।

जस्टिस पीएस नरसिम्हा और आलोक अराधे की पीठ

जस्टिस पीएस नरसिम्हा और आलोक अराधे की पीठ के समक्ष संभल की जामा मस्जिद प्रबंधन समिति की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता हुजेफा अहमदी ने पक्ष रखते हुए यह दलील दी। उन्होंने पीठ से कहा कि हिंदू पक्षकार ‘प्राचीन स्मारक और पुरातात्विक स्थल और अवशेष अधिनियम, 1958 की धारा 18 (जो संरक्षित स्मारकों तक पहुंचने के अधिकार से संबंधित है) पर तो जोर दे रहे हैं, लेकिन धारा 16 में दी गई अधिक बुनियादी सुरक्षा को नजरअंदाज कर रहे हैं।’ वरिष्ठ अधिवक्ता ने पीठ से कहा कि धारा 16 संरक्षित पूजा स्थल को दुरुपयोग, प्रदूषण और अपवित्र होने से बचाती है और जहां किसी प्राचीन स्मारक का धार्मिक स्वरूप हो, वहां उस स्वरूप को बनाए रखना जरूरी बनाती है।

समिति का पक्ष

समिति का पक्ष रखते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता अहमदी ने पीठ से कहा कि ‘प्रतिवादी का पूरा मामला धारा 18 यानी संरक्षित स्मारकों तक पहुंचने का अधिकार पर आधारित है।’ उन्होंने कहा कि वादियों का मुख्य तर्क यह था कि उन्हें प्राचीन स्मारक में प्रवेश की अनुमति दी जानी चाहिए ताकि वे धार्मिक अनुष्ठान कर सकें और प्रार्थना कर सकें। उनके अनुसार, ऐसा दावा उस कानूनी जरूरत के खिलाफ है जिसके तहत संरक्षित स्मारक के मौजूदा धार्मिक स्वरूप को बनाए रखना जरूरी है।

वरिष्ठ अधिवक्ता का तर्क

वरिष्ठ अधिवक्ता ने शीर्ष अदालत से कहा कि ‘धारा 16 के प्रावधान, पूजा स्थल अधिनियम की धारा 3 की हूबहू नकल है। उन्होंने कहा कि अगर कोई पूजा स्थल एक प्राचीन स्मारक भी है और उसका धार्मिक स्वरूप है, तो उस धार्मिक स्वरूप को बनाए रखा जाना चाहिए।’ पीठ को बताया गया कि यदि हिंदू पक्षकार स्मारक पर धार्मिक अनुष्ठान करने की अनुमति मांग रहे हैं, तो यह मुकदमा ही धारा 16 के तहत मिली सुरक्षा के खिलाफ होगा। सुप्रीम कोर्ट संभल के जामा मस्जिद प्रबंधन समिति द्वारा इलाहाबाद उच्च न्यायालय के उस फैसले के खिलाफ दाखिल अपील पर सुनवाई कर रही है, जिसमें मस्जिद परिसर की स्थानीय जांच के लिए एक वकील को कमिश्नर की नियुक्ति को सही ठहराया गया था। समिति ने हाईकोर्ट के उस निष्कर्ष को भी चुनौती दी है जिसमें कहा गया था कि यह मामला पूजा स्थल (विशेष प्रावधान) अधिनियम, 1991 के तहत वर्जित नहीं है। समिति की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अहमदी ने कहा कि हाईकोर्ट का यह मानना ​​गलत था कि पूजा स्थल विशेष प्रावधान अधिनियम लागू नहीं होता क्योंकि इसमें भारतीय पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित स्मारकों को छूट दी गई है।

सर्वे के लिए जल्दबाजी में हुई स्थानीय कमिश्नर की नियुक्ति

समिति की ओर से सुप्रीम कोर्ट को बताया गया कि मस्जिद के सर्वे के लिए अदालत ने बहुत जल्दबाजी में कमिश्नर की नियुक्ति का आदेश पारित किया। समिति की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अहमदी ने अधिवक्ता को कमिश्नर नियुक्त करने के लिए ट्रायल कोर्ट द्वारा 19 नवंबर, 2024 को पारित आदेश कानूनी रूप से सही नहीं था। उन्होंने कहा कि मस्जिद प्रबंधन समिति का पक्ष सुने बगैर ही कमिश्नर की नियुक्ति के लिए एकतरफा आदेश पारित की गई थी। साथ ही कहा कि ट्रायल कोर्ट ने अपने आदेश में यह भी नहीं बताया था कि कमिश्नर को किन बातों या बिंदुओं पर जांच करनी है। वरिष्ठ अधिवक्ता अहमदी ने सर्वे के लिए कमिश्नर ‌नियुक्ति की जल्दबाजी पर भी सवाल उठाया और कहा कि यह मुकदमा कई साल पुराने दावे को लेकर दायर किया गया था। पीठ से कहा कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए, ट्रायल कोर्ट को एकतरफा और नोटिस जारी किए बगैर कमिश्नर नियुक्त नहीं करना चाहिए था। ऐसा नहीं था कि मुकदमा अभी दायर किया गया हो या कुछ तुरंत होने वाला हो। मुकदमा लगभग 70 साल बाद दायर किया गया था। इतनी जल्दबाजी में कमिश्नर नियुक्त करने की क्या जरूरत थी?

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦संभल जामा मस्जिद प्रबंधन समिति ने सुप्रीम कोर्ट से क्या कहा?−
समिति ने कहा कि कानून के तहत किसी प्राचीन स्मारक के मूल धार्मिक स्वरूप को बनाए रखना जरूरी है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsसंभल मस्जिद: संरक्षित पूजा स्थलों को मिलने वाली कानूनी सुरक्षा को नजरअंदाज ‌‌नहीं किया जा सकता- मस्जिद समिति