‘संरक्षित पूजा स्थलों की कानूनी सुरक्षा नजरअंदाज नही कर सकते’
संभल जामा मस्जिद प्रबंधन समिति ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि प्राचीन स्मारक के मूल धार्मिक स्वरूप को बनाए रखना आवश्यक है। समिति के वरिष्ठ अधिवक्ता हुजेफा अहमदी ने उस दावे को चुनौती दी, जिसमें पूजा-पाठ के लिए मस्जिद में प्रवेश की मांग की गई थी। उन्होंने कहा कि ऐसा करना धारा-16 के खिलाफ होगा।

संभल जामा मस्जिद प्रबंधन समिति ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट से कहा कि कानून के तहत किसी प्राचीन स्मारक के मूल धार्मिक स्वरूप को बनाए रखना जरूरी है। समिति ने कहा कि पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान करने के लिए स्मारक में प्रवेश की मांग करने वाले दावे के आधार पर, संरक्षित पूजा स्थलों को मिलने वाली कानूनी सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। न्यायमूर्ति पी.एस. नरसिम्हा और न्यायमूर्ति आलोक अराधे की पीठ के समक्ष संभल की जामा मस्जिद प्रबंधन समिति की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता हुजेफा अहमदी ने पक्ष रखते हुए यह दलील दी। उन्होंने पीठ से कहा कि हिंदू पक्षकार प्राचीन स्मारक और पुरातात्विक स्थल और अवशेष अधिनियम, 1958 की धारा 18 (जो संरक्षित स्मारकों तक पहुंचने के अधिकार से संबंधित है) पर तो जोर दे रहे हैं, लेकिन धारा 16 में दी गई अधिक बुनियादी सुरक्षा को नजरअंदाज कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिवक्ता ने पीठ से कहा कि धारा-16 संरक्षित पूजा स्थल को दुरुपयोग, प्रदूषण और अपवित्र होने से बचाती है और जहां किसी प्राचीन स्मारक का धार्मिक स्वरूप हो, वहां उस स्वरूप को बनाए रखना जरूरी बनाती है। वरिष्ठ अधिवक्ता अहमदी ने पीठ को बताया गया कि यदि हिंदू पक्षकार स्मारक पर धार्मिक अनुष्ठान करने की अनुमति मांग रहे हैं, तो यह मुकदमा ही धारा-16 के तहत मिली सुरक्षा के खिलाफ होगा। सुप्रीम कोर्ट संभल के जामा मस्जिद प्रबंधन समिति द्वारा इलाहाबाद हाईकोर्ट के एक फैसले के खिलाफ दाखिल अपील पर सुनवाई की। हाईकोर्ट ने मस्जिद परिसर की स्थानीय जांच के लिए एक वकील की कमिश्नर के रूप में नियुक्ति को सही ठहराया था.
सर्वे के लिए जल्दबाजी में हुई कमिश्नर की नियुक्ति
समिति की ओर से सुप्रीम कोर्ट को बताया गया कि मस्जिद के सर्वे के लिए अदालत ने बहुत जल्दबाजी में कमिश्नर की नियुक्ति का आदेश दिया गया। समिति की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अहमदी ने अधिवक्ता को कमिश्नर नियुक्त करने के लिए ट्रायल कोर्ट द्वारा 19 नवंबर, 2024 को पारित आदेश कानूनी रूप से सही नहीं था। वरिष्ठ अधिवक्ता अहमदी ने कमिश्नर नियुक्ति की जल्दबाजी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ट्रायल कोर्ट को एकतरफा और नोटिस जारी किए बगैर कमिश्नर नियुक्त नहीं करना चाहिए था। यह मुकदमा लगभग 70 साल बाद दायर किया गया था। इतनी जल्दबाजी में कमिश्नर नियुक्त करने की क्या जरूरत थी?


