विरोध-प्रदर्शन से जुड़े मामलों की 15 अक्तूबर को होगी सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने विरोध-प्रदर्शन से जुड़े मामलों में केंद्र सरकार को हलफनामा दाखिल करने के लिए 15 अक्तूबर तक का समय दिया। जस्टिस वी. मोहना की तबीयत खराब होने के कारण सुनवाई स्थगित हुई। अदालत ने महिला पत्रकारों के कथित उत्पीड़न के मामले में दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी को तलब किया और सुप्रीम कोर्ट परिसर में राजनीतिक प्रदर्शनों पर रोक तथा विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग वाली याचिकाओं पर सुनवाई तय की।

सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्तूबर को होने वाले विरोध-प्रदर्शन से पहले दिल्ली आने वाली ट्रेनों और कई मेट्रो स्टेशन बंद करने से जुड़े मामले में केंद्र सरकार को जवाब दाखिल करने के लिए 15 अक्तूबर तक का वक्त दे दिया। इससे पहले, केंद्र सरकार ने जवाब दाखिल करने के लिए शीर्ष अदालत से वक्त देने की गुहार लगाई थी। मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ के समक्ष मामले की सुनवाई होनी थी, लेकिन जस्टिस मोहना की तबीयत खराब होने के चलते मामले की सुनवाई 15 अक्तूबर तक के लिए स्थगित कर दी गई। सीजेआई सूर्यकांत ने सुनवाई शुरू होते ही, मामले से जुड़े वकीलों से कहा ‘जस्टिस मोहना बीमार हैं, फिर भी वे कोर्ट आए हैं।’ इस पर केंद्र की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने पीठ से सुनवाई टालने का आग्रह किया और कहा कि स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन और अन्य वरिष्ठ वकीलों ने भी सुनवाई टालने पर सहमति जताई। इसके बाद पीठ ने मामले की सुनवाई 15 अक्तूबर तक स्थगित करते हुए, सररकार को हलफनामा दाखिल करने का समय बढ़ा दिया और कहा कि इसे याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश वकीलों को भी उपलब्ध कराया जाए।
महिला पत्रकारों के उत्पीड़न पर पुलिस अधिकारी तलब
महिला पत्रकारों के यौन उत्पीड़न पर दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तलब
सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस कर्मियों द्वारा महिला पत्रकारों के साथ मारपीट, बदसलूकी और यौन उत्पीड़न के आरोपों को गंभीरता से लिया है। शीर्ष अदालत ने कड़ा रुख अपनाते हुए मामले की सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी को पेश होने और सफाई देने को कहा है। पीठ ने यह निर्देश तब दिया, जब वरिष्ठ अधिवक्ता इंदिरा जय सिंह ने उन महिला पत्रकारों के लिए सुरक्षा की मांग की है, जिनके साथ विरोध-प्रदर्शनों को कवर करने के दौरान दिल्ली पुलिस कर्मियों द्वारा कथित तौर पर यौन उत्पीड़न और बदसलूकी की गई थी। पीठ ने प्रदर्शन से जुड़े अन्य मामलों के साथ, इस मामले पर भी गुरुवार (15 अक्तूबर) को सुनवाई करने का फैसला किया है। सुप्रीम कोर्ट में यह याचिका को ‘नेटवर्क ऑफ विमेन इन मीडिया, इंडिया’ ने दायर की है।
विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग
विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग
सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को उस याचिका पर 15 अक्तूबर को सुनवाई करने पर सहमति जताई है, जिसमें शीर्ष अदालत परिसर में राजनीतिक प्रदर्शनों पर पूरी तरह रोक लगाने और न्यायिक व्यवस्था में बाधा डालने वाले राजनेताओं के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई करने की मांग की गई है। यह याचिका सोमवार को विरोध मार्च के बाद सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं अन्य विपक्षी नेताओं द्वारा भीड़ का उल्लेख करते हुए दाखिल की गई है। इस याचिका में सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री में भीड़ जमा करने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वरिष्ठ अधिवक्ता गौरव भाटिया ने इस याचिका का उल्लेख करते हुए इस पर तत्काल सुनवाई की मांग की। बाद में पीठ ने विरोध-प्रदर्शनों से जुड़ी अन्य याचिकाओं के साथ गुरुवार (15 अक्तूबर) को सूचीबद्ध करने पर सहमति जताई।

