दौरे से एक दिन पहले प्रशासन को सूचित करें महुआ
सुप्रीम कोर्ट ने टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा से नादिया जिले के दौरे से एक दिन पहले जिला प्रशासन को सूचना देने को कहा, ताकि प्रोटोकॉल के अनुसार जरूरी इंतजाम किए जा सकें। मोइत्रा ने प्रशासन के उस सर्कुलर को चुनौती दी थी, जिसमें तीन-चार दिन पहले सूचना देने की मांग थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारियों ने उन्हें आवंटित सर्किट हाउस का कमरा खाली कराया था।

सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा से कहा कि वे नादिया जिले के अपने दौरे से एक दिन पहले वहां के जिला प्रशासन को सूचित कर दें, ताकि वे प्रोटोकॉल के अनुसार आवास सहित जरूरी इंतजाम कर सकें। शीर्ष अदालत ने मोइत्रा की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। मोइत्रा ने जिला प्रशासन के 1 सितंबर के एक सर्कुलर का मुद्दा उठाया था, जिसमें सांसदों और विधायकों से कहा गया था कि वे अपने प्रस्तावित दौरे से कम से कम तीन-चार दिन पहले सूचना दें, ताकि प्रशासन उचित इंतजाम कर सके। सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ ने टिप्पणी की, ये ऐसे मुद्दे नहीं हैं जिन्हें कोर्ट तक आना चाहिए।
इसके लिए बस एक छोटा सा एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) होना चाहिए। पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर संसदीय क्षेत्र से सांसद मोइत्रा ने अपनी याचिका में आरोप लगाया था कि अगस्त में नादिया जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उन्हें सर्किट हाउस से बाहर निकाल दिया था, जबकि उन्हें राज्य सरकार की इस संपत्ति में एक कमरा आवंटित किया गया था।

