फॉर्म-6 अब तक न तो मंजूर, न ही नामंजूर किया गया : सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि उसने नए फॉर्म-6 को न तो मंजूरी दी है और न ही खारिज किया है। बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) मामले की सुनवाई के दौरान इस फॉर्म पर कोई फैसला नहीं हुआ था। अदालत ने संबंधित याचिका को एसआईआर की अन्य लंबित याचिकाओं के साथ जोड़ते हुए अगली सुनवाई 27 अक्टूबर को तय की।

नई दिल्ली, एजेंसी। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि उसने नए फॉर्म-6 को न तो मंजूरी दी है, न ही इसे नामंजूर किया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि बिहार में मतदाता सूचियों के एसआईआर से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान इस मुद्दे पर कोई निर्णय नहीं लिया गया था। यह टिप्पणी सीजेआई सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और वी. मोहना की पीठ ने एसआईआर से जुड़ी एक याचिका पर सुनवाई के दौरान की। याचिका में उठाए गए मुख्य मुद्दों में से एक ‘फॉर्म-6’ में बदलाव का है। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने तर्क दिया कि चुनाव आयोग ने हाल में कहा कि फॉर्म-6 में बदलाव को सुप्रीम कोर्ट ने मंजूरी दी है।
उन्होंने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने पांच अक्तूबर को कहा था कि फॉर्म-6 को मंजूरी नहीं दी गई है। इस पर जस्टिस बागची ने कहा, ‘नए फॉर्म-6 पर अब तक कोई फैसला नहीं हुआ है। हमने बस इतना ही कहा है। मुख्य न्यायाधीश ने यही कहा था कि जब बिहार में एसआईआर से जुड़े मामले की सुनवाई हुई थी, तब नए फॉर्म-6 मौजूद नहीं था। इसका अर्थ यह नहीं है कि सुप्रीम कोर्ट ने इसे मंजूर या नामंजूर किया था।पीठ ने कहा कि इस याचिका पर एसआईआर से जुड़ी दूसरी लंबित याचिकाओं के साथ ही सुनवाई की जाएगी। अदालत ने इन सभी याचिकाओं की अगली सुनवाई के लिए 27 अक्तूबर की तारीख दी है।

