सिर्फ फोर्टिस-दायची विवाद संबंधी बैंक लेन-देन की जांच होगी
सुप्रीम कोर्ट ने फोर्टिस हेल्थकेयर विवाद में फोरेंसिक ऑडिट के बारे में साफ किया कि यह फोर्टिस के पूर्व प्रमोटरों से संबंधित है, न कि बैंकों के खिलाफ। बैंकों के रिकॉर्ड की जांच केवल विशेष लेन-देन संबंधित होगी, और सामान्य फोरेंसिक ऑडिट नहीं किया जाएगा।

सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को साफ किया कि डाइची सैंक्यो विवाद में फोर्टिस के पूर्व प्रमोटरों से जुड़े मामले में दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा आदेशित फोरेंसिक ऑडिट, फोर्टिस हेल्थकेयर लिमिटेड (एफएचएल) और उसकी होल्डिंग कंपनी फोर्टिस हेल्थकेयर होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड (एफएचएचपीएल) के खिलाफ है, न कि उन बैंकों के खिलाफ जो इन लेन-देन में शामिल थे। मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जस्टिस जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने साफ किया कि बैंकों के रिकॉर्ड की जांच केवल उन विशिष्ट लेन-देन के संबंध में की जाएगी जिनमें एफएचएल, एफएचएचपीएल और फोरेंसिक ऑडिट के दायरे में आने वाले ‘जजमेंट डेटर्स’ (जिनके खिलाफ फैसला आया है) शामिल हैं।
बैंकों का सामान्य फोरेंसिक ऑडिट नहीं किया जाएगा। यह स्पष्टीकरण यस बैंक और एक्सिस बैंक द्वारा दिल्ली हाईकोर्ट के 31 अगस्त के उस आदेश के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान आया, जिसमें एफएचएल और उसकी होल्डिंग कंपनी के कुछ लेन-देन के फोरेंसिक ऑडिट का निर्देश दिया गया था। बैंकों ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश की भाषा व्यापक थी और इससे यह धारणा बन सकती थी कि फोरेंसिक ऑडिट बैंकों के खिलाफ भी था।


