भोजशाला के पास मुस्लिम समुदाय ने जुमे की नमाज पढ़ी
मध्य प्रदेश के धार जिले में सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बाद मुस्लिम समुदाय ने भोजशाला-कमाल मौला परिसर के पास जुमे की नमाज पढ़ी। जिला प्रशासन ने नमाज के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की थीं। यह पहली बार था जब बड़ी संख्या में मुस्लिम श्रद्धालु यहां नमाज के लिए एकत्र हुए, और बारिश के बावजूद 150 से अधिक लोग शामिल हुए।

सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बाद मध्य प्रदेश के धार जिले में शुक्रवार को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भोजशाला-कमाल मौला परिसर के पास स्थित एक स्थान पर जुमे की नमाज पढ़ी। भोजशाला के पास स्थित सर्वे क्रमांक 612 पर नमाज की व्यवस्था की गई। इस स्थान का चयन जिला प्रशासन के साथ हुई बैठक में मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों ने किया था। मई में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा भोजशाला-कमाल मौला मस्जिद परिसर को देवी सरस्वती का मंदिर घोषित किए जाने के बाद पहली बार बड़ी संख्या में मुस्लिम श्रद्धालु जुमे की नमाज के लिए यहां पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि नमाज के लिए प्रशासन ने सभी जरूरी व्यवस्थाएं की थीं।
इससे पहले, धार के जिलाधिकारी राजीव रंजन मीणा ने संवाददाताओं से कहा था कि नमाज के लिए सभी जरूरी प्रशासनिक इंतजाम किए जा रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को मुस्लिम समुदाय को 11वीं शताब्दी के भोजशाला परिसर से सटे दरगाह परिसर में जुमे की नमाज अदा करने की अनुमति दी थी। अदालत ने राज्य सरकार को यह भी निर्देश दिया था कि शुक्रवार को दोपहर एक बजे से तीन बजे के बीच मुस्लिम समुदाय को वहां नमाज अदा करने की अनुमति सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों ने बताया कि बारिश होने के बावजूद दोपहर करीब 2.30 बजे 150 से अधिक मुसलमानों ने नमाज पढ़ी।


