हिन्दुस्तान ओलंपियाड राष्ट्रीय स्तर पर परखने का सबसे बेहतर मंच : श्यामल
कांग्रेस के झारखंड महासचिव श्यामल किशोर सिंह ने 20 आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की हिन्दुस्तान ओलंपियाड परीक्षा फीस भरी। उन्होंने कहा कि प्रतिभा आर्थिक स्थिति की मोहताज नहीं होती और ऐसे छात्रों को अवसर प्रदान करना आवश्यक है। इस कदम से गरीब परिवारों के बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

दुमका, प्रतिनिधि। कांग्रेस के झारखंड प्रदेश महासचिव श्यामल किशोर सिंह ने शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय पहल करते हुए हिन्दुस्तान ओलंपियाड में शामिल होने वाले आर्थिक रूप से कमजोर 20 जरूरतमंद विद्यार्थियों की परीक्षा फीस अपने स्तर से जमा कराई है। उनके इस सहयोग से गरीब परिवारों के प्रतिभावान बच्चों को अपनी प्रतिभा और ज्ञान परखने का अवसर मिलेगा। प्रदेश महासचिव श्यामल किशोर सिंह ने कहा कि हिन्दुस्तान ओलंपियाड विद्यार्थियों को अपनी बौद्धिक क्षमता, ज्ञान और प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर परखने का सबसे बेहतर मंच उपलब्ध कराता है। कहा कि प्रतिभा किसी की आर्थिक स्थिति की मोहताज नहीं होती। जरूरत केवल उचित अवसर और प्रोत्साहन की है।
कहा आर्थिक तंगी के कारण मेधावी बच्चा इस अवसर से वंचित न हो, इसी उद्देश्य से उन्होंने 20 बच्चों की फीस वहन करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि समाज के गरीब और संसाधनविहीन बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कहा कि भविष्य में भी जरूरतमंद विद्यार्थियों की पढ़ाई में अपने स्तर से हरसंभव सहयोग करने का प्रयास जारी रहेगा।


