गन्ना अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिकों ने गन्ना किस्मों का किया सत्यापन
पीलीभीत में भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिकों ने विभिन्न गांवों का दौरा कर गन्ना किस्मों का सत्यापन किया। उन्होंने किसानों को आर्थिक रूप से लाभकारी गन्ना उत्पादन अपनाने की सलाह दी और कम मांग वाली किस्मों से बचने की अपील की। किसानों की आय में वृद्धि के लिए उन्नत किस्मों का उपयोग करने का सुझाव दिया गया।

पीलीभीत। भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक/विभागाध्यक्ष (फसल सुधार) डॉ. संजीव कुमार और वैज्ञानिक (फसल सुधार) डॉ. एनके राठौर ने किसान सहकारी चीनी मिल पूरनपुर क्षेत्र के ग्राम कढ़ेरचौरा, जटपुरा, लाह, मुजफ्फरनगर, झुकना, रमपुरा कोन, अंडबोझी, गहलुईया एवं पिपरिया दुलाई का भ्रमण कर गन्ना सर्वे के दौरान दर्ज गन्ना किस्मों का भौतिक सत्यापन किया। भ्रमण के दौरान वैज्ञानिकों ने किसानों से संवाद करते हुए उन्हें वैज्ञानिक एवं आर्थिक दृष्टि से लाभकारी गन्ना उत्पादन अपनाने की सलाह दी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे ऐसी गन्ना किस्मों की बुवाई से बचें, जिनकी चीनी मिलों में मांग कम है। उनका मूल्य अपेक्षाकृत कम प्राप्त होता है और जिनकी गन्ना पर्ची देर से जारी होती हैं।
इसके स्थान पर किसानों को अधिक उपज देने वाली अगैती एवं अनुशंसित गन्ना किस्मों की बुवाई करने की सलाह दी गई l डीसीओ खुशीराम ने कहा कि वैज्ञानिक तकनीकों एवं उन्नत किस्मों के प्रयोग से ही गन्ना उत्पादन, चीनी परता तथा किसानों की आय में प्रभावी वृद्धि संभव है। इस मौके पर प्रधान प्रबंधक राजेश कुमार, एससीडीआई मनीष कुमार सिंह, सीसीओ अमित चतुर्वेदी सहित गन्ना विकास विभाग, चीनी मिल के अधिकारी तथा क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे।


