अफसरों ने चीनी के स्टॉक का सत्यापन किया
प्रतापगढ़ में चीनी की कीमतें चार से पांच दिन में 70 रुपये प्रति किग्रा के पार पहुंच गई हैं। डीएम अभिषेक पांडेय ने इस मुद्दे की गंभीरता को समझते हुए खाद्य एवं विपणन विभाग की टीम से थोक दुकानों का सत्यापन कराया। दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि वे चीनी का भंडारण न करें।

प्रतापगढ़, संवाददाता। महज चार से पांच दिन में 70 रुपये प्रति किग्रा के पार पहुंच चुकी चीनी की कीमतों ने आम जनमानस को झकझोर कर रख दिया है। इसे गंभीरता से लेकर डीएम अभिषेक पांडेय ने खाद्य एवं विपणन विभाग के अफसरों की टीम गठित कर शनिवार को थोक दुकानों का सत्यापन कराया। हालांकि, अधिकतर दुकानों पर निर्धारित मात्रा से भी कम चीनी उपलब्ध मिली। दुकानदारों को चीनी का भंडारण नहीं करने की चेतावनी दी गई है। सप्ताहभर पहले 45 से 49 रुपये प्रति किग्रा बिक रही चीनी की कीमत शनिवार को 70 रुपये प्रति किग्रा के पार पहुंच गई। इससे फुटकर दुकानदारों के साथ ग्राहकों को खासी समस्या होने लगी है।
चीनी की लगातार बढ़ती कीमतों को देखकर आयुक्त खाद्य एवं रसद विभाग ने आदेश जारी किया है कि थोक दुकानदार गोदाम में सिर्फ चार हजार क्विंटल चीनी ही डंप कर सकते हैं। यह चीनी सिर्फ 30 दिनों तक ही गोदाम में रखी जा सकती है। थोक दुकानों पर चीनी की खेप डंप न होने पाए इसके लिए डीएम अभिषेक पांडेय की ओर से खाद्य एवं विपणन विभाग के अफसरों की टीम गठित कर शनिवार को सत्यापन कराया गया। टीम में जिला विपणन अधिकारी जितेन्द्र कुमार यादव, प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी पंकज सिंह, विपणन निरीक्षक और मार्केटिंग इंस्पेक्टर शामिल रहे। अफसरों ने पूरे दिन जिले के चीनी थोक विक्रेताओं की दुकान से लेकर गोदाम तक सत्यापन किया। हालांकि सत्यापन में कही चीनी डंप नहीं मिली बल्कि शासन से निर्धारित मात्रा से काफी कम चीनी उपलब्ध नहीं मिली। विक्रेताओं ने बताया कि डिमांड के सापेक्ष मिलों से चीनी की खेप नहीं मिल पा रही है। यही कारण है कि चीनी कीमत लगातार बढ़ रही है।


