प्रयासों के बावजूद चीनी की कीमतें ऊंची
सरकार के कदमों के बावजूद, भारत में चीनी की कीमतें 60 रुपये प्रति किलोग्राम से ऊपर बनी हुई हैं। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के अनुसार, औसत खुदरा कीमत 64.24 रुपये प्रति किलोग्राम है। यह पिछले सप्ताह की तुलना में 1.77 प्रतिशत अधिक है और पिछले साल के मुकाबले 38.63 प्रतिशत बढ़ी है।

नई दिल्ली, एजेंसी। सरकार की ओर से कीमतों में बढ़ोतरी रोकने के लिए उठाए गए कई कदमों के बावजूद रविवार को देश के अधिकांश खुदरा बाजारों में चीनी की कीमत 60 रुपये प्रति किलोग्राम से ऊपर बनी रही। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को चीनी की अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत 64.24 रुपये प्रति किलोग्राम रही। यह एक सप्ताह पहले के 63.12 रुपये प्रति किलोग्राम के मुकाबले 1.77 प्रतिशत अधिक है। मौजूदा कीमत एक महीने पहले की तुलना में 30 प्रतिशत और पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 38.63 प्रतिशत अधिक है।चीनी की 30 अगस्त को अधिकतम खुदरा कीमत 74 रुपये और न्यूनतम 40 रुपये प्रति किलोग्राम रही।
शहरों के स्तर पर दिल्ली में चीनी 62 रुपये, मुंबई में 66 रुपये, चेन्नई में 63 रुपये और रांची में 68 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही थी। थोक बाजार में भी चीनी की कीमत मजबूत बनी रही और यह 59.73 रुपये प्रति किलोग्राम रही। एक सप्ताह पहले यह कीमत 58.66 रुपये प्रति किलोग्राम थी। थोक कीमत एक महीने पहले की तुलना में 31 प्रतिशत और पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 38.63 प्रतिशत अधिक है।


