सुदिती ग्लोबल के 14 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा में बाजी मारी
सुदिती ग्लोबल एकेडमी ने नीट यूजी-2026 में 14 विद्यार्थियों की सफलता साबित की है। समीर ने 630 अंक और 99.82 परसेंटाइल के साथ मैनपुरी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यालय की शिक्षण पद्धति और समर्पित विज्ञान संकाय का इस सफलता में योगदान रहा। सफल विद्यार्थियों के लिए जल्द ही सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

शहर के सुदिती ग्लोबल एकेडमी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी)-2026 में एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। विद्यालय के 14 विद्यार्थियों ने परीक्षा में सफलता प्राप्त कर मेडिकल शिक्षा में अपना स्थान सुरक्षित किया है। होनहार छात्र समीर ने 630 अंक और 99.82 परसेंटाइल के साथ ऑल इंडिया 3563वीं रैंक हासिल कर मैनपुरी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। समीर ने इससे पूर्व सीबीएसई कक्षा 12वीं (विज्ञान वर्ग) में 97.2 प्रतिशत अंकों के साथ जिला टॉपर बनने का गौरव भी हासिल किया था। इनके अलावा प्रतीक सिंह, जानवी सिंह, ऋषभ, कृतिका पांडेय, सुभिग्या, सोम्या, मनु सत्यार्थी, श्रीजी, कशिश सिंह, विभा पाल, आकांक्षा, अक्षय प्रताप और शाक्य मेहुल नरेश ने भी नीट में सफलता का परचम लहराया है।
वरिष्ठ प्रधानाचार्य डॉ. राम मोहन, प्रशासनिक प्रधानाचार्य डॉ. कुसुम मोहन और प्रबंध निदेशक डॉ. लव मोहन ने सफल विद्यार्थियों को बधाई दी।उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यालय की कॉन्सेप्ट आधारित शिक्षण पद्धति, नियमित टेस्ट सीरीज़, अनुशासन और समर्पित विज्ञान संकाय (दीपक उपाध्याय, अंशुमान सिंह, सत्यम सिंघल, विपिन चतुर्वेदी, योगेश यादव एवं आयुष पांडेय) के मार्गदर्शन को दिया। एकेडमिक प्रधानाचार्य सुप्रिया शर्मा ने इसे विद्यालय की सुव्यवस्थित अकादमिक योजना का परिणाम बताया। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि वर्तमान में काउंसलिंग में व्यस्त विद्यार्थियों के लिए शीघ्र ही एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।


