छीनीगोठ में नदी के दूसरी ओर फंसे तीन ग्रामीणों का रेस्क्यू किया
चम्पावत के टनकपुर की छीनीगोठ क्षेत्र में तीन ग्रामीण चारे के लिए गए थे, जब हुड्डी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। प्रशासन ने एसडीआरएफ को सूचित किया, जिन्होंने रेस्क्यू करके तीनों ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया। ग्रामीणों में पार्वती तिवारी, मुकेश जोशी और दीपक तिवारी शामिल हैं।

सतीश जोशी, चम्पावत। जनपद के टनकपुर के छीनीगोठ क्षेत्र में पशुओं के लिए चारा लेने गए तीन ग्रामीण हुड्डी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से नदी के दूसरी ओर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन द्वारा तत्काल एसडीआरएफ को सूचित करते हुए राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की गई। एसडीआरएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों ग्रामीणों को सकुशल रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान छीनीगोठ द्वारा राजस्व उप निरीक्षक को छीनीगोठ क्षेत्र में तीन ग्रामीणों के फंसे होने की सूचना दी गई। सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से संबंधित टीम तक पहुंचाई गई, जिसके बाद एसडीआरएफ पोस्ट टनकपुर से उप निरीक्षक दीपक चंद्र जोशी के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची टीम ने नदी के बढ़े जलस्तर एवं तेज बहाव को देखते हुए सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया और नदी के दूसरी ओर फंसे तीनों ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू किए गए ग्रामीणों में पार्वती तिवारी (36) पत्नी दीपक तिवारी, मुकेश जोशी (50) पुत्र हरिदत्त जोशी तथा दीपक तिवारी (40) पुत्र हरिनंदन तिवारी, निवासी छीनीगोठ शामिल हैं।


