राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को लेकर शिक्षकों को दिया प्रशिक्षण, 14 अगस्त को बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल दवा
कस्बा में बीआरसी थाना भवन पर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 14 अगस्त को बच्चों को एल्बेंडाजोल दवा दी जाएगी और जो बच्चे नहीं ले पाएंगे, उन्हें 18 अगस्त को देने का प्रावधान है।

कस्बा स्थित बीआरसी थाना भवन में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड के परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को अभियान से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि 14 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश 14 अगस्त को दवा नहीं ले पाएंगे, उन्हें 18 अगस्त को आयोजित होने वाले मॉप-अप दिवस पर दवा उपलब्ध कराई जाएगी।डॉ.
सुशील कुमार ने उपस्थित शिक्षकों को संचारी रोगों की रोकथाम,नियमित टीकाकरण तथा सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और रोगों की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभागों का समन्वय आवश्यक है।प्रशिक्षण कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी राहुल धामा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुशील कुमार, सहायक विपिन कुमार, तौहीद अली सहित विकासखंड थाना भवन के सभी परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।


