स्पेशल कैंपेन-6.0 में ई-कचरा निस्तारण पर रहेगा जोर
धनबाद में बीसीसीएल के मुख्यालय में स्पेशल कैंपेन-6.0 की बैठक आयोजित की गई। इसमें 15 सितंबर से एक अक्तूबर तक की तैयारी और 2 से 31 अक्तूबर तक के कार्यान्वयन चरणों की रणनीतियों पर चर्चा की गई। इस अभियान का मुख्य ध्यान ई-कचरे के प्रभावी संग्रह एवं सुरक्षित निस्तारण पर रहेगा।

धनबाद, विशेष संवाददाता। कोयला भवन मुख्यालय बीसीसीएल में शुक्रवार को स्पेशल कैंपेन-6.0 के सफल कार्यान्वयन और पूर्व तैयारियों को लेकर बैठक हुई। कोयला मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के आलोक में आयोजित बैठक में 15 सितंबर से एक अक्तूबर तक चलने वाले तैयारी चरण तथा दो अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक आयोजित क्रियान्वयन चरण की रूपरेखा एवं रणनीतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। केंद्र सरकार के सभी मंत्रालयों, विभागों, अधीनस्थ कार्यालयों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा संस्थागत स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अभियान की शुरुआत की जा रही है। फील्ड एवं आउटस्टेशन कार्यालयों में सार्वजनिक सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा ई-कचरा प्रबंधन पर जोर दिया गया।
इस वर्ष के अभियान का मुख्य फोकस ई-कचरे के प्रभावी संग्रह, पृथक्कीकरण व सुरक्षित निस्तारण पर केंद्रित है। इसके अतिरिक्त कार्यस्थलों की सफाई एवं सुधार, कबाड़ निस्तारण, उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग, जन-शिकायतों का त्वरित निवारण, सर्वोत्तम प्रथाओं का अनुकरण तथा संपूर्ण प्रक्रिया की नियमित निगरानी एवं दस्तावेजीकरण को भी अभियान में प्रमुखता से शामिल किया गया है। मौके पर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) कुमार मनोज, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, प्रतिनिधि, क्षेत्रीय प्रबंधक (मानव संसाधन) समेत अन्य अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।


