चार हजार से ज्यादा प्रशिक्षुओं ने छोड़ी पहले दिन की परीक्षा
सैदपुर में आयोजित डीएलएड प्रशिक्षण के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 39 परीक्षा केंद्रों पर सफलतापूर्वक संपन्न हुई। 22,085 प्रशिक्षुओं में से 17,991 ने परीक्षा दी और 4,094 अनुपस्थित रहे। पहली पाली में बाल विकास एवं दूसरी पाली में शिक्षण-अधिगम के सिद्धांत की परीक्षा हुई। सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया।

सैदपुर, हिन्दुस्तान संवाद। नगर स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) की ओर से आयोजित डीएलएड प्रशिक्षण प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा सोमवार को जिले के 39 परीक्षा केंद्रों पर सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। दोनों पालियों में कुल 22,085 प्रशिक्षु पंजीकृत थे, जिनमें 17,991 प्रशिक्षुओं ने परीक्षा दी, जबकि 4,094 अनुपस्थित रहे। डायट की ओर से जारी विवरण के अनुसार प्रथम पाली में बाल विकास विषय की परीक्षा हुई। इस पाली में कुल 12,486 प्रशिक्षु पंजीकृत थे। इनमें 10,348 प्रशिक्षुओं ने परीक्षा दी, जबकि 2,138 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में शिक्षण-अधिगम के सिद्धांत विषय की परीक्षा आयोजित हुई। इसमें 9,599 प्रशिक्षु पंजीकृत थे, जिनमें 7,643 ने परीक्षा दी और 1,956 प्रशिक्षु अनुपस्थित रहे। परीक्षा को लेकर सभी 39 केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों की ओर से निगरानी की गई। परीक्षा केंद्रों पर प्रशिक्षुओं के प्रवेश, बैठने की व्यवस्था और परीक्षा संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन कराया गया। परीक्षा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। प्राचार्य एवं उप शिक्षा निदेशक बालमुकुंद प्रसाद ने बताया कि डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा जिले के सभी निर्धारित केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। उन्होंने परीक्षा में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग की सराहना की। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर अधिकारियों की निगरानी के चलते व्यवस्था बनी रही.
पहले दिन 55 प्रशिक्षु अनुपस्थित
जमानियां। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में सोमवार को बीटीसी प्रथम पाली की परीक्षा कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच नकलविहीन एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा के लिए 321 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 55 अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। इसके अलावा उड़नदस्ते और सुरक्षा कर्मी भी मुस्तैद रहे। प्रधानाचार्या सरिता जायसवाल ने बताया कि परीक्षार्थी सैदपुर, गाजीपुर, कठवा मोड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए थे। गहन जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई। परीक्षा कक्षों में सुरक्षा कर्मियों ने लगातार भ्रमण कर निगरानी रखी, ताकि नकल की किसी भी संभावना को रोका जा सके। उन्होंने बताया कि परीक्षा के पहले दिन की प्रथम पाली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। केंद्र पर सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी गई थीं.

